ऊना में कर्फ्यू लागू, सुबह 3 व शाम को दो घंटे मिलेगी छूट

Tuesday, Mar 24, 2020 - 03:10 PM (IST)

ऊना (अमित शर्मा) : लॉकडाउन के बाबजूद ऊना के लोगों द्वारा सहयोग न करने के चलते डीसी ऊना संदीप कुमार ने जिला में कर्फ्यू लगा दिया है। आगामी आदेशों तक स्वास्थ्य संबंधी, पेट्रोल पंप और कुकिंग गैस की दुकानें ही खुली रहेगी। जबकि किराना, दूध, ब्रेड, सब्जियां और फल की दुकानें सुबह 7 से 10 बजे तक और शाम को 6 से 8 बजे तक ही खुलेगी। इसके अलावा प्रशासन ने सड़कों पर दोपहिया और चौपहिया  वाहन निकालने पर भी प्रतिबंध लगाया है।

प्रशासन ने आदेशों को सख्ती से लागू करवाने के लिए जिला में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी है। वहीं प्रशासन के पास ऐसी भी सूचना मिली है कि कांगड़ा में कोरोना वायरस के पॉजिटिव जिस तिब्बती शख्स की मौत हुई है उसने ऊना जिला के एक रेस्टोरेंट में खाना खाया था। जिस पर प्रशासन आगामी कार्रवाई अमल में ला रहा है।

कांगडा और मंडी में भी कर्फ्यू

प्रदेश के कांगड़ा जिले में कोरोना वायरस से 69 साल के शख्स की मौत के बाद प्रशासन ने पूरे जिले में अब कर्फ्यू लगा दिया है। जिला प्रशासन ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं वहीं, कांगड़ा के अलावा, मंडी जिले में भी कर्फ्यू लगाया गया है। डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने की कर्फ्यू लगाने की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार, जिलाधीश राकेश प्रजापति ने आदेश जारी किए हैं। दरअसल, लॉकडाउन के बावजूद भी लोगों की आवाजाही नहीं रुक रही थी। लोग दुकानों और करियाना स्टोर में खरीदारी के लिए उमड़ रहे थे। इस वजह से कांगड़ा में कर्फ्यू लगाने का ऐलान किया गया है। बता दें कि हिमाचल में कांगड़ा जिले को भी सबसे पहले लॉकडाउन करने की घोषणा की गई थी। अब प्रदेश के 12 जिलों में से कांगड़ा में कर्फ्यू लगाने की घोषणा कर दी गई है।
 

kirti