मिंजर मेला : पंजाबी गायक गुरदास मान के नाम रही अंतिम सांस्कृतिक संध्या

Monday, Aug 05, 2019 - 12:44 PM (IST)

चम्बा : मिंजर मेला की अंतिम सांस्कृतिक संध्या प्रख्यात पंजाबी गायक गुरदास मान के नाम रही। मान ने एक से बढ़कर एक-एक गीत सुनाकर लोगों का खूब मनोरंजन किया। इस सांस्कृतिक संध्या में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। सांस्कृतिक संध्या का आगाज पारंपरिक कुंजड़ी मल्हार से हुआ। इसके बाद एक के बाद एक कलाकार ने स्टेज पर आकर अपना कार्यक्रम पेश किया। इस मौके पर मंगला के सतीश, अरविंद व उमेश ठाकुर ने अपनी प्रस्तुतियां पेश कीं।

कृतिका तंवर जावेद ने गीत पेश किए तो जानवी ने नृत्य पेश किया। इसके बाद चम्बा की खुशी शुभ ने अपनी प्रस्तुती पेश की तो चम्बा रिडिस्कवर ने भी अपनी प्रस्तुतियां पेश कीं। अनुज शर्मा ने ले जाए तुझे कहां, ये जो हल्का-हल्का सुरूर है गीत पेश किया। बालकृष्ण शर्मा की जोड़ी ने पहाड़ी गीतों का गुलदस्ता पेश किया। इसके बाद गुजरात के कलाकारों ने अफ्रीकी कार्यक्रम पेश किया। गुरदास मान से अपने कार्यक्रम की शुरूआत प्रार्थना से ही तो इसके बाद शिव भजन बम-बम-बम पेश किया।

मिंजर मेला की सांस्कृतिक संध्या के मुख्यातिथि को मिंजर मेला आयोजन समिति अध्यक्ष एवं डी.सी. चम्बा विवेक भाटिया ने चम्बा रूमाल भेंट कर सम्मानित किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के साथ आई कैबिनेट मंत्री सरवीण चौधरी को भी शॉल, टोपी व स्मृतिचिंह भेंट कर सम्मानित किया गया। जिला भाजपा अध्यक्ष एवं मार्कीट कमेटी अध्यक्ष डी.एस. ठाकुर, सदर विधायक पवन नैय्यर, वि.स. उपाध्यक्ष हंसराज, भटियात विधायक बिक्रम जरयाल, भरमौर विधायक जिया लाल कपूर, कांगड़ा को-आप्रेटिव बैंक के अध्यक्ष राजीव भारद्वाज को सम्मानित किया गया।
 

kirti