Himachal: वीकेंड पर सैलानियों की उमड़ी भीड़, होटलों में ऑक्यूपेंसी 50 फीसदी से अधिक
punjabkesari.in Sunday, Jan 26, 2025 - 03:05 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर वीकेंड के दौरान सैलानियों की जबरदस्त भीड़ उमड़ी। शनिवार को शिमला, मनाली, कसौली, चायल, मैकलोडगंज और धर्मशाला जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर चहलपहल रही। होटलों की ऑक्यूपेंसी 50 फीसदी से अधिक हो गई, जिससे पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों में उत्साह है। बर्फ से ढके कुल्लू-मनाली, रोहतांग और शिमला के नारकंडा क्षेत्रों में बर्फ देखने और अठखेलियां करने पहुंचे पर्यटकों ने खुशनुमा समय बिताया।
शिमला के माल रोड और रिज मैदान पर शनिवार को पर्यटकों का जमावड़ा रहा। यहां सैलानियों ने फोटोग्राफी और घुड़सवारी का आनंद लिया। शिमला से सटे कुफरी और नारकंडा भी पर्यटकों की पसंदीदा जगहें बनीं। शिमला ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन पॉल ने बताया कि 26 जनवरी की छुट्टी के चलते बड़ी संख्या में पर्यटक शिमला पहुंचे हैं। हालांकि, शिमला में बर्फबारी न होने से कुछ सैलानी निराश दिखे, लेकिन नारकंडा और अन्य आसपास के इलाकों में बर्फ का मजा लेने का विकल्प उन्हें दिया जा रहा है।
कुल्लू-मनाली पहुंचे पर्यटकों ने अटल टनल रोहतांग और सिस्सू जैसे स्थलों का रुख किया। बर्फबारी के बीच इन स्थानों ने पर्यटकों को खासा आकर्षित किया। कालका-शिमला टॉय ट्रेन भी सैलानियों के बीच लोकप्रिय बनी हुई है, जिससे बड़ी संख्या में पर्यटक शिमला पहुंच रहे हैं।
पर्यटन कारोबारियों का मानना है कि यदि आने वाले दिनों में और बर्फबारी होती है, तो पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होगी। हिमाचल प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, बर्फबारी और विविध पर्यटन स्थलों की वजह से यह जगह हमेशा सैलानियों को आकर्षित करती रही है।