ऊना के पूबोवाल में बाइक सवारों ने मजदूर से की लूटपाट, तेजधार हथियार से किया हमला

punjabkesari.in Sunday, Aug 23, 2026 - 10:27 PM (IST)

हरोली (दत्ता): हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के हरोली उपमंडल के तहत आने वाले गांव पूबोवाल में गुंडागर्दी और लूटपाट की एक वारदात सामने आई है। रविवार शाम पूबोवाल तालाब पर सफाई का काम कर रहे एक मजदूर पर बाइक सवार दो बदमाशों ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया। आरोपी मजदूर का मोबाइल फोन और नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

चोरी का विरोध करने पर किया तेजधार हथियार से वार
जानकारी के अनुसार रविवार शाम को एक मजदूर पूबोवाल तालाब के अंदर उतरकर सफाई के काम में जुटा हुआ था। उसने अपने कपड़े तालाब के बाहर रखे हुए थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर दो युवक वहां पहुंचे। उन्होंने मजदूर के कपड़ों की तलाशी ली और उसमें से उसका मोबाइल फोन व 3000 रुपए की नकदी निकाल ली। जब तालाब की सफाई कर रहे मजदूर की नजर उन पर पड़ी तो उसने उन्हें रोकने की कोशिश की। खुद को घिरता देख एक बदमाश ने अपने पास रखे तेजधार हथियार से मजदूर पर हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।

इलाके में फैली दहशत, सैर करने वाले लोग खौफजदा
अमूमन शांत रहने वाले पूबोवाल क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई इस हिंसक वारदात से स्थानीय लोग सहमे हुए हैं। विशेषकर पूबोवाल तालाब के आसपास सैर करने आने वाले लोगों में डर का माहौल बन गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और गश्त बढ़ाने की पुरजोर मांग की है, साथ ही लोगों ने अपील की है कि इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे डाला जाए।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही हरोली पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई। हरोली थाना के प्रभारी अनूप कुमार ने बताया कि वारदात की जानकारी मिलते ही वह खुद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घायल मजदूर के बयान दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की टीमें घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं, ताकि बाइक सवार दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay