Sirmaur: रंजिश बेटे से थी और निशाना बन गया पिता! शिलाई के चर्चित कांड से उठा पर्दा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, Nov 18, 2026 - 04:14 PM (IST)
शिलाई/नाहन (आशु): जिला सिरमौर के शिलाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोटरसाइकिल सवार दो भाइयों पर हुए जानलेवा हमले के बाद एक भाई की मौत के मामले की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस के विशेष अन्वेषण दल (एसआईटी) ने इस मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान विनोद पुत्र ग्यार सिंह निवासी गांव कथयाड, डाकघर टिम्बी व तहसील शिलाई के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पुलिस पूछताछ में इस वारदात के पीछे की जो वजह सामने आई है, उसने हर किसी को चौंका दिया है। जांच में खुलासा हुआ है कि मृतक खजान सिंह के बेटे रोहित ने आरोपी विनोद की बहन को घर से भगाया था। इसी बात को लेकर आरोपी रंजिश पाले बैठा था। बेटे के इस कदम का बदला लेने के लिए आरोपी ने कथित तौर पर एक सोची-समझी और सुनियोजित साजिश रची तथा मौका पाकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे डाला।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती 10 नवम्बर को रविन्द्र सिंह पुत्र खयाली राम निवासी गांव क्यारटा पिपलटी, डाकघर जामू कोटी व तहसील ददाहू ने पुलिस थाना शिलाई में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि सुबह करीब 7 बजकर 20 मिनट पर वह अपने भाई खजान सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव चांदपुर धार से अपने घर क्यारटा पिपलटी लौट रहा था। इसी दौरान कोटी उतरोऊ मोड़ के पास अचानक धमाके जैसी तेज आवाज सुनाई दी और कुछ ही क्षणों बाद मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा उसका भाई खजान सिंह अचानक नीचे गिर गया।
घटना के बाद रविन्द्र सिंह ने घर पहुंचकर जब अपने हैल्मेट की जांच की, तो उसके पिछले हिस्से में एक छेद दिखाई दिया और उसके अंदर से चांदी के रंग की धातु का एक टुकड़ा (गोली) बरामद हुआ। इसके अलावा रविन्द्र के सिर और पीठ पर भी चोटें पाई गईं। इसी बीच उसे सूचना मिली कि उसके भाई खजान सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन पर फायरिंग कर उसके भाई की जान ली है और इस हमले में वह स्वयं भी चोटिल हुआ है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना शिलाई में 11 नवम्बर को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। फोरैंसिक साक्ष्य जुटाने के लिए एसएफएसएल जुन्गा की विशेषज्ञ टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। वहीं, एसपी सिरमौर और एसडीपीओ पांवटा साहिब ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी ने एसडीपीओ मानवेंद्र सिंह ठाकुर की अगुवाई में विशेष अन्वेषण दल (एसआईटी) का गठन किया, ताकि हर पहलू से गहनता से जांच की जा सके।
एसआईटी ने मामले की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचनाओं और स्थानीय लोगों से पूछताछ को आधार बनाकर विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की। इसी गहन जांच के बाद पुलिस को अहम सुराग मिले और इस पेचीदा मामले की गुत्थी सुलझाने में सफलता मिली। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने मंगलवार को आरोपी विनोद को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे अदालत में पेश करने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। पुलिस रिमांड के दौरान वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार और साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी।
इस पूरी कार्रवाई में एसडीपीओ मानवेंद्र सिंह ठाकुर के नेतृत्व में थाना प्रभारी एसआई महिपाल सिंह, मुख्य आरक्षी विनोद कुमार, एचएचसी अजमेर अली, आरक्षी अनिल कुमार (पुलिस थाना शिलाई), साइबर सैल नाहन से मुख्य आरक्षी रोहित कुमार, आरक्षी राजेन्द्र सिंह व रोबिन कल्याण के अलावा आरक्षी नरेन्द्र चौहान और रोशन लाल शामिल रहे।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

