कांग्रेस का दाह संस्कार करने वाले मुझे सिखाने चले संस्कार : प्रोमिला

Wednesday, Mar 14, 2018 - 11:05 PM (IST)

हमीरपुर: भोरंज से पूर्व में कांग्रेस की प्रत्याशी रही और हाल ही में कांग्रेस से निष्कासित हुई कांग्रेस नेत्री प्रोमिला देवी ने हमीरपुर में प्रैस वार्ता में प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू और भोरंज से गत विस चुनावों में कांग्रेस के प्रत्याशी रहे सुरेश कुमार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस के नेता उनकी संपत्ति की ई.डी. से जांच करवाने की मांग कर रहे हैं वह कांग्रेस नेता पहले अपनी संपत्ति का ब्यौरा दें। उन्होंने यह भी कहा कि उक्त कांग्रेस नेता उनकी संपत्ति की जांच ई.डी. से छोड़कर अमरीका की एफ.बी.आई. से करवा लें, इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता है। 

कांग्रेस के टिकट पर 3-3 बार हारे चुनाव  
उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस के टिकट पर 3-3 बार चुनाव हारे हैं उन्होंने पार्टी का दाह संस्कार कर दिया है और आज यही लोग मुझे संस्कार सिखाने चले हैं। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस नेता ने उन पर झूठे आरोप लगाए हैं और उनकी व्यक्तिगत जिंदगी में हस्तक्षेप किया है उनके खिलाफ मैं माननीय कोर्ट में मानहानि का केस करूंगी। उन्होंने कहा कि अगर संगठन में फेरबदल नहीं हुआ और सुक्खू को पार्टी अध्यक्ष से नहीं हटाया गया तो लोकसभा चुनावों में भी इससे पार्टी को नुक्सान होगा, जिसकी बात पहले ही पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह कह चुके हैं।