देश में सबसे लंबे रूटों में शुमार ये बस सेवा हुई बंद, पढ़ें पूरी खबर

Saturday, Sep 16, 2017 - 10:52 AM (IST)

केलांग (लाहौल-स्पीति): लाहौल-स्पीति में 1070 किमी लंबे रूट पर चलने वाली इस बस सेवा को बंद कर दिया गया है। दरअसल हर साल की तरह 15 सितंबर के बाद से केलांग से लेह जाने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) बस सेवा को बंद कर दिया जाता है। अब ये बस सेवा जिला मुख्यालय केलांग से आगे नहीं जाएगी। यह बस करीब साढे़ 3 महीने तक सेवा देती है। अब इस सेवा को अगले साल शुरू किया जाएगा। वहीं बारलाचा तथा तंगलंगला दर्रा होकर गुजरने वाला यह रूट 18 हजार फीट की ऊंचाई से होकर गुजरता है और इस दूरी को तय करने में 32 घंटे का समय लगता है। 


देश में सबसे लंबे रूटों में शुमार है यह बस सेवा 
एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि देश में सबसे लंबे रूटों में दिल्ली से लेह रूट पर चलने वाली निगम की यह बस सेवा शुमार है। इस बस सेवा में निगम के 6 चालक और परिचालक शामिल हैं। दरअसल निगम ने मौसम को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के लिए यह फैसला लिया है। बता दें कि साल 2016 में 27 सितंबर से निगम ने इस सेवा को बंद किया था।