देश-दुनिया से 6 माह के लिए कटे इस घाटी के लोग, बर्फबारी में खामोश हैं वादियां

Tuesday, Dec 12, 2017 - 12:01 PM (IST)

मनाली: हिमाचल की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद रविवार रात से ही रोहतांग में भारी बर्फबारी होती रही। दर्रे के बंद होने से 6 महीनों के लिए लाहौल-स्पीति का संपर्क बाकी दुनिया से कट गया है। बर्फबारी के चलते रोहतांग दर्रा आवाजाही के लिए बंद हो गया है। रोहतांग में अब तक करीब 3 फुट बर्फबारी है। वहीं खतरे को देखते हुए प्रशासन ने आवाजाही पर रोक लगा दी है।


6 महीने तक घरों में कैद लोग
सैलानियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घाटी में हिमपात होने से काफी समय से चल रहे सूखे से लोगों को राहत मिल गई है, लेकिन इस बर्फबारी के कारण अब यहां के लोग देश और दुनियां से भी कट गए हैं। 6 महीने तक अब लोग घरों में कैद हो गए हैं। वहीं बर्फबारी से प्रदेश में ठंड बढ़ गई है। पैदल यात्रियों के लिए बचाव चौकियां स्थापित की गई है। जो 31 दिसंबर तक यहां तैनाक रहेंगी।


मौसम विभाग ने भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की

सोमवार को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में बादल छाए रहे। शिमला समेत कई जगहों पर बारिश हुई है। चंबा के डलहौजी में बारिश के साथ-साथ ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। पांगी में 3 इंच बर्फ दर्ज हुई। हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है।