कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए 746 पुलिस कर्मचारी निभा रहे अहम भूमिका

Thursday, May 14, 2020 - 10:02 AM (IST)

हमीरपुर: देश व प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के लिए कोरोना वारियर्स का लोग स्वागत कर रहे हैं और रात-दिन ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों का धन्यवाद भी कर रहे हैं। कोरोना वायरस से बचाव के लिए डाक्टरों के अलावा पुलिस कर्मचारियों की भूमिका भी अहम है। जब से प्रदेश में कफ्र्यू लगा है और धारा-144 लगाई गई है, तब से पुलिस कर्मचारी रात-दिन ड्यूटी कर लोगों की सुरक्षा कर रहे हैं। कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों के लिए बनाए गए आइसोलेशन केंद्रों में भी पुलिस कर्मचारी अपनी ड्यूटी बखूबी निभा रहे हैं। जिला हमीरपुर में 21 मार्च से कुल 746 पुलिस कर्मचारी 24 घंटे ड्यूटी कर रहे हैं ताकि कोई भी व्यक्ति इस संक्रमण से ग्रस्त न हो जाए। पुलिस विभाग में पुरुषों के साथ महिलाएं भी इस संकट के समय में अपनी ड्यूटी से पीछे नहीं हैं। जिला हमीरपुर में राजपत्रित कर्मचारियों में पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और 2 पुलिस उपाधीक्षक के अलावा 59 अराजपत्रित कर्मचारी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

इसके अलावा होमगार्ड के 307 जवान भी पुलिस के साथ दिन-रात ड्यूटी दे रहे हैं। कफ्र्यू लगाए जाने के बाद जिला की सीमाएं सील कर दी गई हैं, वहां पर दिन-रात पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए हैं। जिला में 7 जगहों पर नाके लगाए गए हैं जिन पर आने-जाने वालों पर नजर रखी जा रही है। लोगों की सुरक्षा में लगे पुलिस कर्मचारियों के लिए विभाग की ओर से रिफ्रैशमैंट दी जा रही है। इसके अलावा जिला की सीमाओं और नाके पर लगे पुलिस कर्मचारियों को इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए च्यवनप्राश व अन्य खाद्य पदार्थ दिए जा रहे हैं ताकि पुलिस कर्मचारी इस संक्रमण से बचे रहें। पुलिस कर्मचारियों को मास्क, ग्लव्ज और हैंड सैनिटाइज दिए गए हैं ताकि वे अपनी सुरक्षा कर सकें। जनता कर्फ्यू से लेकर जिला के 746 पुलिस कर्मचारी लोगों की सुरक्षा में 8 से 10 घंटे ड्यूटी दे रहे हैं। कोरोना वायरस से बचाव एकमात्र सोशल डिस्टैंस है और इसे कहीं पर सख्ती से भी लागू करवाना पड़ रहा है। इसके अलावा क्यू.आर.टी. टीम भी हर समय तैयार रहती है जो आवश्यकता पडऩे पर तुरंत एक्शन ले सके।

kirti