Breaking News : हिमाचल के लिए बुरी खबर, अब कांगड़ा का युवक निकला कोरोना पॉजीटिव

Wednesday, May 06, 2020 - 11:38 PM (IST)

कांगड़ा/शिमला (ब्यूराे): हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस ने अब रफ्तार पकड़ ली है। यहां कोरोना के मामलों की तादाद बढ़ती ही जा रही है। अब कांगडा जिला में कोरोना का एक नया मामला पॉजीटिव आया है। बताया जा रहा है कि यह 38 वर्षीय युवक दुबई की एक इंडस्ट्री में काम करता है जोकि 21 मार्च को भारत लौटा था। लॉकडाऊन की वजह से दिल्ली में ही रहा था। 16 अप्रैल को उक्त युवक की रिपोर्ट नैगेटिव भी आई थी, जिसके बाद वह 27 अप्रैल को दिल्ली से वापस कांगड़ा अपने घर जमानाबाद आ गया। 2 दिन पहले युवक की तबीयत बिगड़ गई, जिस पर चिकित्सकों ने उसका कोविड-19 का सैंपल लेकर टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में जांच के लिए भेजा था, जहां उसकी रिपोर्ट पॉजीटिव पाई है।

एक ही गाड़ी में 4 लोग पहुंचे थे कांगड़ा

इस कोरोना पॉजीटिव युवक के साथ एक ही गाड़ी में 3 अन्य लोग भी कांगड़ा पहुंचे थे, जिनके तलाश में प्रशासन जुट गया है। इनके भी सैंपल लिए जाएंगे और इन्हें क्वारंटाइन कर लिया जाएगा। युवक की पूरी ट्रैवल्स हिस्ट्री निकाली जा रही है कि यह दिल्ली से कांगड़ा आते वक्त कहां-कहां रुका था और किन-किन लोगों के संपर्क में आया है। युवक को उपचार के लिए पीआरटीआई बैजनाथ में भर्ती किया गया है। बता दें कि हिमाचल में अब तक 43 कोरोना पॉजीटिव मामले आ चुके हैं। जबकि अस्पातलों में अब 3 मरीजों का इलाज चल रहा है।

598 संदिग्ध लोगों के लिए सैंपल, 526 की रिपोर्ट नैगेटिव

बुधवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों से 598 संदिग्ध लोगों के सैंपल लिए गए हैं, जिसमें से 526 की रिपोर्ट नैगेटिव आई है और 69 की रिपोर्ट आना बाकी है। कोरोना वायरस को लेकर अभी तक 8491 लोगों के की जांच हो चुकी है, जिसमें से 8055 लोगों के सैंपलों की रिपोर्ट नैगेटिव आई है। इसके अलावा अभी तक 16936 लोगों को जरूरी निगरानी अवधि में रखा गया था, जिसमें से 6912 लोगों ने 28 दिन जरूरी निगरानी के पूरे कर लिए हैं और 10024 निगरानी में चल रहे हैं। कोरोना वायरस से अब तक हिमाचल में 2 मरीजों की मौत हो चुकी है।

सरकार और ज्यादा सतर्क, चलेगा विशेष अभियान : जयराम

वहीं सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि कांगड़ा में एक और मरीज के आने से कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ी है। उन्होंने कहा कि 5 लोग दिल्ली से कांगड़ा आए थे। उनमें से एक में कोविड-19 के लक्षण पाए गए हैं। इसके बाद सभी के सैंपल लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा किअ अब सरकार और ज्यादा सतर्क हो गई तथा बाहरी राज्यों से आ रहे लोगों के लिए अब एक्टिव केस फाइंडिंग की तरह इनके चैकअप और निगरानी के लिए सख्ती से अभियान चलाया जाएगा।

Vijay