खेत की डोल को लेकर विवाद, वृद्ध को ट्रैक्टर से रौंदा

Sunday, Oct 11, 2020 - 08:59 PM (IST)

पांवटा साहिब (संजय): उपमंडल पांवटा साहिब में जमीनी विवाद को लेकर एक वृद्ध व्यक्ति पर ट्रैक्टर चढ़ाने का मामला सामने आया है, जिससे वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल लाया गया, जहां से मैडीकल कॉलेज नाहन के लिए रैफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार ध्यान सिंह (74) पुत्र बाबू राम निवासी फतेहपुर अपने घर से खेत के लिए पैदल जा रहा था, उसी समय सामने से सोहन सिंह अपना ट्रैक्टर लेकर आ रहा था। उसने ध्यान सिंह को देखकर ट्रैक्टर को रोक दिया और कहा कि उसकी खेत की डोल को उसने नुक्सान क्यों पहुंचाया। इसके बाद दोनों के बीच बहसबाजी शुरू हो गई। इस बीच गुस्साए सोहन सिंह ने ट्रैक्टर वृद्ध के ऊपर चढ़ा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब लाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज नाहन के लिए रैफर कर दिया। पांवटा साहिब के डीएसपी बीर बहादुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि एक व्यक्ति ने जमीनी विवाद को लेकर वृद्ध पर ट्रैक्टर चढ़ा कर घायल कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

Vijay