18 लाख उपभोक्ताओं को अब डिपुओं में राशन के लिए चक्कर काटने से मिलेगी राहत

Monday, Mar 05, 2018 - 09:52 AM (IST)

शिमला: प्रदेश के 18 लाख उपभोक्ताओं को अब डिपुओं में राशन के लिए बार-बार चक्कर काटने से जल्द निजात मिलेगी। डिपुओं में राशन की उपलब्धता को लेकर अब उपभोक्ताओं को एक मैसेज के माध्यम से ही पूरी जानकारी उपलब्ध होगी। जैसे ही डिपुओं में राशन पहुंचेगा, उपभोक्ताओं को सस्ते राशन की उपलब्धता को लेकर मैसेज आ जाएगा। राज्य खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को सस्ते राशन के अपडेट देने के लिए सप्लाई चेन मैनेजमैंट सॉफ्टवेयर अपडेट तैयार किया जा रहा है। जैसे ही यह सॉफ्टवेयर अपडेट होगा, उपभोक्ताओं को मैसेज मिलना शुरू होंगे। 


विभाग जिला शिमला द्वारा टी.पी.डी.एस. लाभार्थियों के लिए जिला स्तरीय सैमीनार रामपुर में इस संबंध में जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान विभाग के निदेशक एम.एल. चौहान बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। जिला शिमला के सुदूर ग्रामीण इलाकों से पहुंचे लाभार्थियों को इस दौरान केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई। जिला नियंत्रक पुरुषोत्तम सिंह ने भी इस दौरान राज्य में चलाई जा रही योजनाओं के बारे में बताया। इसके बाद उपनिदेशक रविंद्र ठाकुर ने ई.पी.डी.एस. प्रोजैक्ट एवं ई.पी.डी.एस.एच.पी. एप से संबंधित जानकारी प्रदान की।


ई.पी.डी.एस.एच.पी. से विभाग को दें अपडेट 
विभाग के एम.एल. चौहान ने उपभोक्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य के लोगों की सुविधा के लिए ई.पी.डी.एस.एच.पी. एप शुरू की गई है और इस ऐप के माध्यम से ही अब घर बैठे उपभोक्ता राशन से संबंधित कोई भी परेशानी विभाग को बता सकते हैं। इसके लिए न तो उपभोक्ताओं को कहीं जाना होगा और न ही उनका समय बर्बाद होगा। उन्होंने कहा कि राज्य में उपभोक्ताओं की शिकायतों के निवारण के लिए टोल फ्री नम्बर भी चलाया गया है। इस नम्बर पर कोई भी उपभोक्ता अपनी शिकायत या सुझाव पेश कर सकता है।