Kangra: कांस्टेबल अभय कौंडल राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन, किन्नौर में हृदयगति रुकने से हुआ था निधन

punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 09:23 PM (IST)

​सुलह/पालमपुर (वर्मा/भृगु): सुलह विधानसभा क्षेत्र के गांव भट्टू समूला में उस वक्त मातम छा गया, जब क्षेत्र के 28 वर्षीय युवा कांस्टेबल अभय कौंडल की पार्थिव देह वीरवार देर शाम उनके पैतृक गांव पहुंची। हिमाचल प्रदेश पुलिस में कार्यरत अभय का बुधवार शाम को किन्नौर जिले के भावानगर में ड्यूटी के दौरान हृदयगति रुकने से निधन हो गया था। अभय कौंडल 2018 बैच में हिमाचल प्रदेश पुलिस में भर्ती हुए थे। वह अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे और परिवार का एकमात्र सहारा थे। ​जवान की पार्थिव देह वीरवार देर शाम पैतृक गांव लाई गई थी। 

शुक्रवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस की टुकड़ी ने हवा में गोलियां दागकर और शस्त्र झुकाकर जवान को अंतिम सलामी दी। वीर जवान को अंतिम विदाई देने के लिए भारी संख्या में लोग उमड़े। इस शोक की घड़ी में सुलह के विधायक ​विपिन सिंह परमार ने परिवार को ढांढस बंधाया और प्रशासन के आला अधिकारी डीएसपी पालमपुर लोकेंद्र नेगी, भवारना पुलिस थाना के एसएचओ गुरुदेव सिंह सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ जवान मौजूद रहे।

अभय केवल वर्दीधारी जवान ही नहीं, अपितु अपने क्षेत्र का गर्व थे
विधायक विपिन सिंह परमार ने कहा कि अभय का असमय जाना केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे सुलह क्षेत्र की अपूर्णीय क्षति है। इतनी कम उम्र में एक कर्त्तव्यनिष्ठ और समर्पित जवान का यूं चले जाना अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि अभय अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे और परिवार ने बड़े संघर्षों के साथ उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया था। अभय केवल वर्दीधारी जवान ही नहीं, अपितु अपने गांव और क्षेत्र का गर्व थे। उनकी सादगी, कर्त्तव्यपरायणता और परिवार के प्रति समर्पण हर युवा के लिए प्रेरणा है। अभय हमारे क्षेत्र का बेटा था और उसका जाना हम सभी के हृदय को भीतर तक व्यथित कर गया है।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News