करुण के निष्कासन पर कांग्रेस का वार, सुबूत जज को देंगे-आरोपी को नहीं

Saturday, Mar 03, 2018 - 11:20 AM (IST)

 

ऊना : पार्टी के अग्रणी संगठन को राज्यभर में मजबूत करने की बजाय एन.एस.यू.आई. के निष्कासित अध्यक्ष करुण शर्मा सुर्खिया बटोरने में जुटे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू का विरोध कर वह अपनी राजनीति चमकाना चाहते हैं। यह बात यहां जारी बयान में ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष हजारी लाल ने कही। उन्होंने कहा कि करुण को लगता है कि सुक्खू का विरोध कर न केवल वह नेताओं की नजर में आ जाएंगे बल्कि उनका कद भी बढ़ सकता है। हजारी लाल ने उन्हें आड़े हाथों लेते हुए कहा कि एन.एस.यू.आई. अध्यक्ष मीडिया में पार्टी अध्यक्ष के खिलाफ बयानबाजी कर अनुशासनहीनता कर रहे हैं। उन्हें कोई शिकायत है तो वह ब्लाक कांग्रेस कमेटी के समक्ष दर्ज करवा सकते हैं। हजारी ने कहा कि विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ भितरघात करने पर उन्हें ही निष्कासित नहीं किया गया है बल्कि कई बड़े नेता भी पार्टी से निष्कासित किए गए हैं।

ओछी राजनीति व अनुशासनहीनता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी
निष्कासन की कार्रवाई कांग्रेस प्रत्याशियों की शिकायत के बाद ब्लाक-जिला कांग्रेस कमेटियों के अनुमोदन पर की गई है। हजारी लाल ने कहा कि करुण को प्रदेशाध्यक्ष के पुतले जलाने और आत्मदाह की धमकी देना शोभा नहीं देता। किसके इशारे पर वह ऐसा कर रहे हैं, यह सब जानते हैं। उन्हें अपनी बात ब्लाक कांग्रेस कमेटी के समक्ष ही रखनी पड़ेगी। हजारी लाल ने जिला एन.एस.यू.आई. अध्यक्ष द्वारा लगाए पोस्टरों पर भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सबूत जज को सौंपे जाते हैं आरोपियों को नहीं। हजारी लाल ने कहा कि ओछी राजनीति व अनुशासनहीनता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जो भी अनुशासन भंग करेगा उस पर कार्रवाई जरूर अमल में लाई जाएगी व अनुशासनहीन व्यक्ति किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान पी.सी.सी. सदस्य संजीव कंवर, ब्लाक कांग्रेस प्रवक्ता वरुण पुरी व युवा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल मेनन आदि ने भी हजारी लाल की बात का समर्थन किया।