भाजपा की लगातार जीतने वाली सीटों पर कांग्रेस जीत रही : सुक्खू

Monday, Nov 13, 2017 - 08:33 PM (IST)

शिमला: कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में आज प्रेसवार्ता में चुनाव में पार्टी को मजबूती दिलाने के लिए जिला, प्रदेश व मंडल कांग्रेस कमेटी का धन्यवाद किया है। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा, जहां पर भाजपा लगातार पिछले चुनाव जीतती आ रही थी, वहां पर पार्टी ने मजबूत कैंडिडेट उतारे और ऐसी सीटों पर नीति भी बनाई। ऐसी सीटों पर हमारे जो उम्मीदवार हैं इस बार जीतते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने अनिल शर्मा को लेकर कहा, एक मंत्री हमारी पार्टी को छोड़कर भाजपा में गया है। इससे पार्टी को फर्क नहीं पड़ता।

आठ महीनों से भाजपा ने लगाए कई आरोप
कांग्रेस पार्टी ने विकास के मुद्दों को प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा, अंतिम मतदाता तक कांग्रेस के मुद्दों को पहुंचाने का कांग्रेस को फायदा होगा। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा, बीजेपी के नेता आठ महीनों में कई तरह के आरोप प्रत्यारोप कांग्रेस पार्टी व सरकार पर लगा रहे हैं। इन्होंने बड़े बड़े रथ प्रदेश के विधानसभा क्षेत्रों में चलाए गए, लेकिन मतदाताओं ने परिपक्वता दिखाई और वे कांग्रेस पार्टी के साथ खड़े रहे। 

कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं का जताया आभार
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा, पार्टी को संसाधनों की कमी होते हुए भी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मजबूती से इस लड़ाई का लड़ा है। कार्यकर्ताओं ने इस लड़ाई को युद्ध की तरह समझा। कार्यकर्ता प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में खून पसीना बहाते रहे। इसके लिए मैं कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करता हूं। 

मोदी पर दागे आरोप
सुक्खू ने कहा, मोदी जी कहते थे हिमाचल मेरे दिल में रहता है। मोदी जी तीन बार प्रदेश में आए। उन्होंने कहा, छूठे नारों और जुमलों से चुनाव नहीं जीते जा सकते हैं। भाजपा के तीन सीएम योगी आदित्यनाथ, मनोहर लाल खटटर, छत्तीसगढ़ के सीएम रमन सिंह प्रदेश में प्रचार के लिए डटे रहे। लेकिन इससे प्रदेश के मतदाताओं को कोई फर्क नहीं पड़ा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, भाजपा का आंकड़ा पहले पचास प्लस था, लेकिन यह गिरते गिरते चालीस तक पहुंच गया और अब कांग्रेस पार्टी जीत रही है। मोदीजी ने सपने, उम्मीदें व आशाएं बेची हैं। उन्होंने कहा, जीएसटी का स्लैब 18 प्रतिशत से कम रहना चाहिए था। जिससे हर छोटा व्यापारी आहत है। इसका फायदा भी कांग्रेस पार्टी को विधानसभा चुनाव में मिला।