बिजली बोर्ड के निजीकरण का विरोध करेगी कांग्रेस : पठानिया

Friday, Feb 05, 2021 - 10:51 AM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो) : कांग्रेस ने राज्य बिजली बोर्ड के कर्मचारियों के जारी आंदोलन का समर्थन किया है। प्रदेश कांग्रेस महासचिव केवल सिंह पठानिया ने कहा कि भाजपा सरकार बिजली बोर्ड निजी हाथों में देने की योजना बना रही है, जिसका कांग्रेस जोरदार विरोध करेगी। पठानिया ने कहा कि वर्ष 1985 में तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने 100 फीसदी घरों में बिजली पहुंचाने का काम शुरू किय था। बिजली बोर्ड कर्मचारियों के मजबूत हौसले ने प्रदेश के कोने.कोने में बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की। आज प्रदेश भाजपा सरकार बिजली बोर्ड के इन कर्मचारियों को खत्म करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कुछ पूंजीपतियों के हाथों में बिजली बोर्ड को सौंपने की तैयारी में है, लेकिन कांग्रेस ऐसा हरगिज नहीं होने देगी। पठानिया ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार हमेशा कर्मचारी विरोधी रही है। चाहे पेंशन बन्द करने का मुद्दा हो या टीए-डीए बंद करने का फैसला हो, भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद हर बार कर्मचारियों को प्रताड़ित किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से बिजली बोर्ड के कर्मचारियों की मांगों पर हस्तक्षेप कर बिजली बोर्ड की स्वायतत्ता कायम रखने का आग्रह किया है।
 

Content Writer

prashant sharma