प्रचार रथों से कांग्रेस को लगेगा 11 हजार वोल्टेज का झटका : सत्ती

Friday, Aug 11, 2017 - 10:59 PM (IST)

ऊना: भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि भाजपा के प्रचार रथ जब 68 विस क्षेत्रों में पहुंचेंगे तो कांग्रेस को 11 हजार वोल्टेज का झटका लगेगा। प्रचार रथ रवाना करने से पहले कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पहले 4 रथ यात्राओं से कांग्रेसी बौखलाए थे लेकिन अब तो कांग्रेस के नेता बुरी तरह से हताश और निराश हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि रथ यात्राओं के चलते कांग्रेस में जबरदस्त घमासान मचा हुआ है। इन सभी प्रचार रथों का उद्देश्य जमानती वीरभद्र सिंह और उनके भ्रष्टाचारी मंत्रियों को सत्ता से बेदखल करना है।

हमीरपुर में होगी प्रधानमंत्री मोदी की बड़ी जनसभा 
उन्होंने कहा कि सितम्बर महीने में हमीरपुर संसदीय हलके में प्रधानमंत्री मोदी की बड़ी जनसभा भी रखी गई है। आने वाले दिनों में भाजपा के प्रचार अभियान से कांग्रेस की चूलें हिल जाएंगी। प्रदेश में कानून व्यवस्था का जनाजा निकल चुका है। विकास पूरी तरह से ठप्प हो चुका है। विभिन्न प्रकार के माफियाओं का बोलबाला है। केवलमात्र माफियाओं के लोग ही दनदना रहे हैं।