कांग्रेस ने धर्मशाला उपचुनाव को कसी कमर, दावेदारों की फौज भाजपा के लिए परेशानी

Wednesday, Jul 24, 2019 - 10:04 AM (IST)

शिमला/धर्मशाला (राक्टा/सौरभ): प्रदेश कांग्रेस ने धर्मशाला व पच्छाद उपचुनाव के लिए कमर कसना शुरू कर दी है। इसी कड़ी में प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर 28 जुलाई को धर्मशाला ब्लॉक कांग्रेस की बैठक लेंगे। यह बैठक दाड़ी स्थित कांग्रेस कार्यालय में होगी। बैठक में पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस के सभी बूथ अध्यक्ष और पदाधिकारी भाग लेंगे। इससे पहले बीते 30 जून को जिला सिरमौर में पच्छाद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक आयोजित हो चुकी है। धर्मशाला में होने वाली बैठक में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ उपचुनाव की तैयारियों पर मंथन होगा। संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं के सुझाव भी लिए जाएंगे। 

दीगर है कि बीते लोकसभा चुनाव में शिमला संसदीय क्षेत्र से पच्छाद से भाजपा विधायक सुरेश कश्यप तथा कांगड़ा लोकसभा सीट से धर्मशाला के विधायक किशन कपूर ने जीत हासिल की थी। दोनों विधायकों ने सांसद बनने के बाद विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया था। ऐसे में दोनों खाली सीटों पर 6 माह के भीतर चुनाव करवाना अनिवार्य है। ऐसे में धर्मशाला और पच्छाद विधानसभा क्षेत्रों में नवम्बर माह से पहले उपचुनाव हो सकते हैं। प्रदेश कांग्रेस महासचिव रजनीश किमटा ने बताया कि धर्मशाला ब्लॉक कांग्रेस की बैठक 28 जुलाई को होगी जिसमें उपचुनाव के लिए रणनीति तैयार की जाएगी और कार्यकर्ताओं से सुझाव भी लिए जाएंगे। 

कांग्रेस की राह नहीं आसान

उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने भले ही कमर कसना शुरू कर दिया हो लेकिन कांग्रेस के समक्ष इस समय एकजुटता सबसे बड़ी चुनौती है। लोकसभा चुनाव में हार के बाद सोशल मीडिया पर पार्टी पदाधिकारियों द्वारा अपने नेताओं पर टिप्पणियों के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें कुछ पर कार्रवाई भी हुई है। ऐसे में यदि गुटबाजी जल्द नहीं थमी तो उपचुनाव में भी कांग्रेस की राह आसान नहीं होगी। 

कांग्रेस ने बूथ स्तर पर छेड़ा गुपचुप अभियान

धर्मशाला उपचुनाव के लिए कांग्रेस में हालांकि भाजपा की मानिंद दावेदारों की फौज नहीं है, लेकिन बीता चुनाव हारने वाले पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने पुन: चुनाव लड़ने के अभी खुलकर संकेत नहीं दिए हैं। सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस ने उपचुनाव के लिए अभी बूथ स्तर पर गुपचुप अभियान छेड़ा हुआ है जिसमें लोगों से मिलकर पार्टी कार्यकर्ता धर्मशाला हलके में भाजपा की नाकामियां बता रहे हैं। 

उधर, दावेदारों की फौज भाजपा के लिए परेशानी

धर्मशाला उपचुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने बाजी मारते हुए 2 दिन पहले ही धर्मशाला में त्रिदेव सम्मान सम्मेलन का आयोजन कर कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कवायद की है, लेकिन किशन कपूर के सांसद बनने पर कई दशकों बाद खाली हुई इस सीट पर टिकट के दावेदारों की भारी-भरकम फौज भाजपा के लिए परेशानी बनी हुई है। प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने भले ही सम्मेलन में टिकट के दावेदारों को लॉबिंग से दूर रहने की नसीहत दी लेकिन चुनाव लड़ने की हसरत पाले स्थानीय पदाधिकारी व कार्यकर्ता शिमला से दिल्ली तक आला नेताओं से तार भिड़ा रहे हैं। 

Ekta