महंगाई, बेरोजगारी के विरोध में कांग्रेस ने निकाली पदयात्रा, जमकर की नारेबाजी

Wednesday, Nov 17, 2021 - 05:24 PM (IST)

चम्बा (काकू): प्रदेश में दिन प्रतिदिन बढ़ रही बेरोजगारी, मंहगाई व भ्रष्टाचार के विरोध में कांग्रेस पार्टी द्वारा पदयात्रा निकाली गई। यह पदयात्रा चम्बा जिला मुख्यालय से चम्बा मुख्य बाजार से होते हुए हरदासपुरा चौक तक निकाली गई। इस मौके पर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। पदयात्रा में कांग्रेस सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एन.एस.यू.आई., इंटक आदि फ्रंटियल संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकारिणी सदस्यों ने भाग लिया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आहवान पर कांग्रेस पार्टी पूरे प्रदेश में बेरोजगारी, मंहगाई व प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध में पदयात्राओं का आयोजन कर रही है। इसी कड़ी में चम्बा में भी बुधवार को यह पदयात्रा निकाली गई।

इस पदयात्रा की अगुवाई करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नीरज नैय्यर ने राज्य में बढ़ती मंहगाई के लिए प्रदेश सरकार की गलत नीतियों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि उपचुनावों में आम जनता ने भाजपा को मत न देकर कांग्रेस पार्टी में आस्था दिखाई है। वहीं ब्लाक कांग्रेस कमेटी चम्बा के अध्यक्ष करतार सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार को पैट्रोल डीजल व घरेलू गैस की कीमतों पर से वैट कर घटाकर राहत देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अपने ड्रीम प्रोजेक्ट मण्डी जिला में ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा बनाने मसरूफ हैं और यहां प्रदेश के लाखों बेरोजगार सरकारी नौकरी की आस में परेशान हैं।

इस पदयात्रा के दौरान चम्बा के स्थानीय लोगों ने भी प्रदेश सरकार की गलत नीतियों के प्रति कांग्रेस पार्टी के विरोध प्रदर्शन की  सराहना की। इस अवसर पर जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष जगदीश हाण्डा, अब्दुल गनी, महासचिव नरेश राणा, महासचिव कपिल भूषण, ब्लॉक सचिव भानु प्रताप, सचिव प्रकाश शर्मा, सचिव मनोज काशव, सचिव देवराज शर्मा, सचिव राकेश कुमार, उपाध्यक्ष जीवन सलारिया, अल्पसंख्यक विभाग के राज्य उपाध्यक्ष लियाकत खान, कांग्रेस सेवादल ब्लाक अध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा उर्फ राजू, अनुसूचित जाति विभाग जिला अध्यक्ष जितेंद्र सूर्या आदि मौजूद रहे।

 

Content Writer

Kaku Chauhan