कांग्रेस को बड़ा झटका, CM वीरभद्र समर्थक ने थामा BJP का दामन

Sunday, Jul 02, 2017 - 04:05 PM (IST)

डलहौजी: चुनावी वर्ष में विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुटी कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। डलहौजी में नगर परिषद अध्यक्ष मनोज चड्डा ने कांग्रेस का साथ छोड़ कर भाजपा का दामन थाम लिया है। उन्होंने बनीखेत में डलहौजी मंडल के पदाधिकारियों की उपस्थिति में भाजपा का दामन थामा। वहीं डलहौजी के कांग्रेस समर्थित अन्य 6 पार्षद भी जल्द भाजपा में शामिल होने वाले हैं। मनोज चड्डा ने भाजपा का दामन थामने के पीछे कारण स्थानीय विधायक की कांग्रेसी कार्यकर्ताओं व नगर परिषद डलहौजी के पार्षदों की अनदेखी करार दिया है। 


विधायक आशा कुमारी पर भेदभाव का लगाया आरोप
मनोज काफी लंबे से समय से कांग्रेस की पार्टी में हैं। वह एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस, जिला कांग्रेस व प्रदेश कांग्रेस के पदों पर आसीन रहे हैं। उन्होंने बताया कि कांग्रेस की खासकर डलहौजी विधायक आशा कुमारी की कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भेदभाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि आशा कुमारी की कांग्रेस कार्यकर्ताओं में 'ये मेरा और ये तेरा' की नीति कार्यकर्ताओं में रोष पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि आशा ने क्षेत्रीय प्रधान बना रखे थे और राज्य की विरासत उन्हें सौंप दी थी। साथ ही पुराने कार्यकर्ताओं की अनदेखी हो रही थी। लेकिन लोगों ने एक बार फिर उन पर विश्वास किया और वह नगर परिषद डलहौजी के अध्यक्ष बने।


4 जुलाई को अन्य कांग्रेस समर्थित पार्षद ज्वाइन करेंगे भाजपा
मनोज ने कहा कि 4 जुलाई को नगर परिषद डलहौजी के अन्य 6 कांग्रेस समर्थक पार्षद भी भाजपा का दामन थामेंगे और राज्य में यह पहली बार होगा कि कोई नगर परिषद एक पारी को छोड़कर दूसरी पार्टी को ज्वाइन करेंगे। नगर परिषद डलहौजी में 9 पार्षद हैं, इसमें 2 पार्षद पहले से ही भाजपा के हैं।