राफेल डील पर मोदी सरकार के खिलाफ हमले तेज करेगी कांग्रेस

Thursday, Sep 06, 2018 - 08:39 PM (IST)

शिमला (राक्टा): राफेल डील के मुद्दे पर कांग्रेस केंद्र सरकार की मोदी सरकार पर हमले तेज करेगी। इसके तहत कांग्रेस प्रदेशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर आम जनता को राफेल डील में हुए घोटाले से अवगत करवाएगी। कांग्रेस का आरोप है कि राफेल विमान खरीद घोटाला रक्षा क्षेत्र में देश का सबसे बड़ा घोटाला है। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता संजय सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फ्रांस दौरे के दौरान ही यह डील हुई और पूर्व यू.पी.ए. सरकार में 500 करोड़ में खरीदे जा रहे लड़ाकू जहाज की कीमत रातोंरात 1670 करोड़ हो गई। उन्होंने कहा कि पी.एम. इस डील में हुए भ्रष्टाचार में अपनी भागीदारी से बच नहीं सकते। और उन्हें देश को जवाब देना ही होगा।

केंद्र सरकार भ्रष्टाचार में संलिप्त
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार भ्रष्टाचार में संलिप्त है इसलिए ही आज तक लोकपाल की नियुक्ति नहीं की। लोकपाल नियुक्त होता तो एन.डी.ए. सरकार के भ्रष्टाचार की पोल पूरे देश के सामने खुल गई होती। ऐसे में इस घोटाले को देश और प्रदेश की जनता के सामने लाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि देशहित को दाव पर लगाकर राफेल डील घोटाले को अंजाम दिया गया। इसके तहत सरकारी खजाने को नुक्सान पहुंचाया गया और पूंजीपतियों को फायदा। उन्होंने कहा कि झूठ पकड़े जाने के बाद पूरे मामले पर पर्दा डालने के प्रयास हो रहे हैं।

राहुल के निर्देश, सुक्खू ने तैयार की रणनीति
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने राफेल विमान घोटाले से जुड़े तथ्यों को जनता तक पहुंचाने के लिए प्रदेश कांगे्रस कमेटी को भी व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिसको लेकर पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रणनीति तैयार की है। इसके तहत प्रदेश भर में धरना-प्रदर्शन भी आयोजित किए जा चुके हैं। राफेल डील को कांग्रेस लोकसभा चुनाव में भुनाने की तैयारियों में है। यही कारण है कि देश भर में कांग्रेस इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेर रही है।

वरिष्ठ नेताओं को सौंपी जिम्मेदारियां
राफेल डील घोटाले को लेकर राहुल गांधी ने राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में प्रैस वार्ता आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में पार्टी प्रदेशाध्यक्ष ने वरिष्ठ नेताओं को यह जिम्मेदारी सौंपी है। इसके तहत पूर्व मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी लाहौल-स्पीति, पूर्व मंत्री जी.एस. बाली कांगड़ा, पूर्व विधायक कुलदीप कुमार मंडी, पूर्व विधायक अनीता वर्मा बिलासपुर, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर शिमला, विधायक रामलाल ठाकुर कुल्लू, विधायक आशा कुमारी ऊना, पूर्व विधायक राजेश धर्माणी हमीरपुर, कर्नल धनीराम शांडिल सिरमौर, विधायक जगत सिंह नेगी किन्नौर, पूर्व विधायक गंगू राम मुसाफिर सोलन और पूर्व विधायक बृज बिहारी लाल बुटेल चम्बा में पत्रकार वार्ता करेंगे।

Vijay