देहरा में कांग्रेस ने कृषि विधेयक व हाथरस कांड के विरोध में निकाली रैली

Friday, Oct 02, 2020 - 05:47 PM (IST)

देहरा (राजीव शर्मा): ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देहरा ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक बेटी के साथ हुई दरिंदगीव किसान विरोधी विधेयक के विरोध में रोष प्रदर्शन भी किया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह देहरा से तहसील चौक देहरा तक रैली निकाली गई, जिसमें काला कानून वापस लो, किसान विरोधी बिल वापस लो, महिलाओं पर अत्याचार बंद करो, योगी सरकार मुर्दाबाद आदि के नारे लगाए गए।

हिमाचल कांग्रेस ओबीसी के स्टेट सैक्रेटरी सुनील कश्यप ने कहा कि आज हमने मोदी सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ आवाज उठाई है। उन्होंने कहा की मोदी सरकार ने किसान विरोधी विधेयक पास करके किसानों की कमर तोड़ कर रख दी है। उन्होंने कहा कि हाथरस में हुई बेटी के साथ बर्बरता पर योगी सरकार सवालों के घेरे में हैं। उन्होंने कहा कि उनके नेता राहुल गांधी पर भी योगी द्वारा हमले किए जा रहे हैं जोकि लोकतंत्र की हत्या है।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरिओम शर्मा ने बताया कि किसान विधेयक के खिलाफ एक हस्ताक्षर अभियान शुरू किया जाएगा और घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। इससे पहले ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनकी तस्वीरों पर पुष्पांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष हरिओम शर्मा, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष इंदिरा देवी, महिला प्रदेश सचिव किरण गुलेरी, इंटक मंडल अध्यक्ष संदीप ठाकुर, मंडल उपाध्यक्ष संजीव कुमार, पंचायती राज सचिव पुष्पा राणा,  जिला महासचिव कांग्रेस इंद्र शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष धर्म सिंह परमार, जिला कांगड़ा कांग्रेस कमेटी सचिव विजय कुमार व मुनीष धीमान आदि कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Vijay