कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष रामलाल ठाकुर ने किया पद से इस्तीफा देने का ऐलान

Friday, Sep 16, 2022 - 07:49 PM (IST)

बिलासपुर (विशाल): प्रदेश कांग्रेस के कद्दावर नेता राम लाल ठाकुर ने बिलासपुर में शुक्रवार को पत्रकार वार्ता करते हुए अचानक प्रदेश कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया। पत्रकार वार्ता तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित प्रदेश के दौरे को लेकर चल रही थी, जिसमें रामलाल ठाकुर भाजपा पर आक्रामक रूख अपनाए हुए थे। अचानक वे भावुक हो गए तथा इस्तीफा देने का ऐलान कर डाला। हालांकि उन्होंने यह भी ऐलान किया कि वे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य बने रहेंगे व कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के दिशा-निर्देशों में वह हर कार्य पूरी क्षमता से करेंगे तथा संगठन की बेहतरी के लिए कार्य करते रहेंगे, साथ ही उन्होंने यह भी घोषणा की कि यदि पार्टी उन्हें विधानसभा चुनाव लड़वाना चाहती है तो वह श्रीनयनादेवी विधानसभा सीट को फिर से जीत कर कांग्रेस की झोली में डाल देंगे लेकिन यदि पार्टी उनके विधानसभा क्षेत्र से किसी और को आगे लाना चाहती है तो वह चुनावी रण में भी नहीं उतरेंगे व पार्टी जिसे भी टिकट देगी उसके पक्ष में वे जी-जान से चुनाव प्रचार करेंगे। यह बात कहते-कहते उनका गला कई बार रुंध गया तथा वह बार-बार अपनी आंखें पोंछते नजर आए। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान ने उन्हें प्रदेश में चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी दी है। इस जिम्मेदारी को वे पूरी कर्तव्यनिष्ठा के साथ निभाएंगे। 

युवाओं को आगे आने का मौका मिलना चाहिए
रामलाल ठाकुर ने कहा कि उनका मानना है कि अन्यों को विशेषकर युवाओं को आगे आने का मौका मिलना चाहिए इसलिए वे प्रदेश उपाध्यक्ष पद से त्याग पत्र दे रहे हैं। बहुत पूछने पर भी रामलाल ठाकुर और कुछ नहीं बोले। बस इतनी बात और कही कि पार्टी का एक नेता कुछ कहे, दूसरा नेता कुछ और कहे व तीसरा कुछ और कहे तो पार्टी को नुक्सान होता है। इसे ध्यान में रखना चाहिए। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राम लाल ठाकुर के इस बयान ने प्रदेश में बड़ी सियासी हलचल पैदा कर दी है। उनके इस बयान को लेकर अलग-अलग संभावनाएं जताई जा रही हैं। राम लाल ठाकुर का जिला के एक अन्य कद्दावर कांगे्रस नेता के बीच चल रहा शीतयुद्ध इन दिनों जग जाहिर हो गया है। कुछ राजनीतिक पंडित उनके इस बयान को इसी शीतयुद्ध की उपज बता रहे हैं जबकि विश्वस्त सूत्र बताते हैं कि बात बड़े स्तर की है व आने वाले समय में कांग्रेस के कुछ अन्य नेताओं द्वारा भी राम लाल ठाकुर के इस कदम का अनुशरण करने की संभावनाएं हैं। अब सच्चाई क्या है इसका पटाक्षेप होना अभी बाकी है। 

रामलाल ठाकुर की भावनाओं का सम्मान करती है पार्टी : लांबा
वहीं रामलाल ठाकुर के इस्तीफा दिए जाने की कही बात पर ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता एवं हिमाचल कांग्रेस की मीडिया प्रभारी अलका लांबा व हिमाचल कांग्रेस के मीडिया पैनालिस्ट अनिल गोयल का कहना है कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री एवं श्रीनयनादेवी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामलाल ठाकुर की भावनाओं का पार्टी सम्मान करती है। उन्होंने अपना सारा जीवन हिमाचल व श्री नयनादेवी जी क्षेत्र के लोगों को समर्पित किया है। रामलाल ठाकुर से पार्टी नेतृत्व की बात हुई है व उन्होंने चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष के तौर पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहने की बात कही। उन्होंने जल्द ही कमेटी की बैठक बुलाए जाने की बात भी कही। अलका लांबा व अनिल गोयल ने कहा कि पार्टी को विश्वास है कि राम लाल ठाकुर आगामी विधानसभा चुनाव में एक अहम भूमिका निभाते हुए पार्टी व जनता की उम्मीदों पर हर बार की तरह इस बार भी खरा उतरेंगे। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay