कांग्रेस ने फूंका लोकसभा चुनाव का बिगुल, शिमला में जिताऊ उम्मीदवारों पर मंथन

Thursday, Oct 25, 2018 - 05:53 PM (IST)

शिमला (राक्टा): कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में भाजपा को चारों खाने चित करने की रणनीति बनानी शुरू कर दी है। वीरवार को शिमला स्थित पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में शिमला संसदीय क्षेत्र का एकदिवसीय अधिवेशन संपन्न हुआ। इसमें 8 सूत्रीय एजैंडा व ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा हुई। अधिवेशन की अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने की जबकि पार्टी प्रभारी पूर्व सांसद रजनी पाटिल और सह प्रभारी विधायक गुरकीरत सिंह कोटली विशेष तौर पर उपस्थित रहे। संसदीय क्षेत्र के विधायक व वरिष्ठ पार्टी नेता भी अधिवेशन में शामिल रहे। अधिवेशन के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और जमीनी स्तर पर जुड़े कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव को लेकर फीडबैक लिया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं से चुनावी मुद्दे भी पूछे गए। 

शक्ति एप के कार्यक्रम को तेज करने के दिए निर्देश
शिमला संसदीय क्षेत्र के जिला अध्यक्षों, महासचिवों, ब्लॉक अध्यक्षों व धरातल से जुड़े कार्यकर्ताओं के साथ पाटिल ने चुनाव के मद्देनजर चर्चा की तथा शक्ति एप पर पंजीकरण का कार्य और तेज करने के निर्देश दिए। शिमला संसदीय सीट से जिताऊ उम्मीदवारों के नाम पर भी चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से पार्टी को धरातल पर मजबूत करने के सुझाव भी लिए गए। पी.एम. नरेंद्र मोदी के विशेषकर शिमला संसदीय क्षेत्र की जनता से किए वायदों के पूरा न होने पर भी चर्चा की गई। 

मोदी व भाजपा सांसद से भी मांगा जाएगा हिसाब : पाटिल
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि कांग्रेस चुनावी वायदों के पूरा न होने को लेकर भाजपा पर हमलावर रहेगी। पी.एम. नरेंद्र मोदी और शिमला संसदीय क्षेत्र के भाजपा सांसद से सवाल पूछे जाएंगे। सांसद से पूछा जाएगा कि वह अपने संसदीय क्षेत्र के विधानसभा क्षेत्रों में कितनी बार गए। संसद में कितने सवाल उठाए, सांसद निधि कहां-कहां स्वीकृत की और कितनी खर्च हुई। आदर्श ग्राम योजना के तहत गोद लिए गांव की स्थिति क्यों नहींं सुधर पाई। लोकसभा सीट के तहत आने वाले विधानसभा क्षेत्रों के गांवों में कितनी बार दौरा किया। पी.एम. से सवाल पूछा जाएगा कि उड़ान योजना के तहत हिमाचल प्रदेश के कितने चप्पल वालों ने हवाई जहाज का सफर किया। परवाणु-सोलन फोरलेन की दुर्दशा क्यों हो रही है।

मोदी की वादाखिलाफी को बनाएंगे चुनावी मुद्दा : सुक्खू
कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि लोकसभा चुनाव में पी.एम. नरेंद्र मोदी की प्रदेश के साथ की गई वायदाखिलाफी को कांग्रेस मुद्दा बनाएगी। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर केंद्र व प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों से लोगों को अवगत कराएंगे। उन्होंने कहा कि आसमान छूती महंगाई से जनता परेशान है। चुनावी वायदे जुमला बनकर रह गए हैं। कांग्रेस को बूथ स्तर पर चुनाव से पहले और मजबूत करने को लेकर भी अधिवेशन में विचार-विमर्श किया गया। 

शिमला संसदीय क्षेत्र में इन मुद्दों पर भाजपा को घेरेगी कांग्रेस
-सेब उत्पादक किसानों को राहत देने के लिए सेब पर आयात शुल्क क्यों नहीं बढ़ाया गया।
-गिरीपार क्षेत्र के लोगों को एसटी का दर्जा देने का वायदा क्यों नहीं हुआ पूरा।
-सोलन में टमाटर आधारित उद्योग लगाने की घोषणा पूरी क्यों नहीं हुई।
-औद्योगिक क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए भाजपा सरकार ने ठोस कदम क्यों नहीं उठाए।
-दलितों पर भाजपा के सत्ता में आने के बाद अत्याचार बढ़ेए सरकार मूकदर्शक क्यों बनी हुई है।

इन एजैंडों पर हुई चर्चा
-लोकसभा चुनाव जीतने के लिए कार्यकर्ताओं के सुझावए प्लानिंग व रणनीति को लागू करना।
-शिमला संसदीय क्षेत्र से संभावित उम्मीदवार।
-शक्ति प्रोग्राम का फीडबैक।
-लोकसभा चुनाव 2019 के लिए क्या बना रहे रणनीति।
-जनसंपर्क अभियान का फीडबैक और प्रगति रिपोर्ट।
-भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियां, 2014 के लोकसभा चुनाव में मोदी व भाजपा द्वारा किए गए झूठे वायदे।
-पोलिंग बूथ कमेटी गठित करने के लिए फीडबैक व सुझावए मतदाता सूचियों के पुर्निरीक्षण में पार्टी कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करना।
-वर्तमान भाजपा सांसद का हर मोर्चे पर फेल रहना, संसद में क्षेत्र से जुड़े मुद्दे न उठाना।

क्या बोले सह प्रभारी गुरकिरत सिंह
प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी गुरकिरत सिंह कोटली ने कहा कि यदि बूथ कमेटियां मजबूत होगा तो जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि सभी ब्लॉक अध्यक्ष अपनी अपनी कमेटियों का जल्द गठन करे और बुनियाद 2019 अभियान को मजबूती प्रदान करे। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर मतदाताओं की सूची ाी तैयार की जाए। इसके साथ ही शक्ति  प्रौजेक्ट को सफल बनाने के लिए धरातल पर काम करे। उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तर पर बेहतर काम करने वाली एन.जी.ओ. या अन्य कोई सोयायटी बेहतर काम कर रहे है तो उनका ओपनियन भी लिया जाए ताकि चुनाव में लाभ मिल सके।

ये रहे अधिवेशन में मौजूद
अधिवेशन में नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व मंत्री विद्या स्टोक्स, विधायक रामलाल ठाकुर, कर्नल धनीराम शांडिल, हर्षवर्धन चौहान, विनय कुमार, लखविंदर राणा, पूर्व स्पीकर गंगू राम मुसाफिर, हरभजन सिंह भज्जी, कुलदीप राठौर, नरेश चौहान, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र चौहान, कार्यकारिणी सदस्य महेंद्र चौहान, जिला अध्यक्ष सिरमौर अजय सोलंकी, जिलाध्यक्ष सोलन राहुल ठाकुर, जिलाध्यक्ष शिमला ग्रामीण यशवंत छाजटा, जिलाध्यक्ष शिमला शहरी प्रदीप भुज्जा, एस.सी. विभाग के चेयरमैन सुरेश कुमार, सेवादल के मुख्य संगठक अनुराग शर्मा,  युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनीष ठाकुर, इंटक के प्रदेशाध्यक्ष बबलू पंडित सहित पूर्व विधायक इत्यादि अग्रणी संगठनों के प्रमुख व पदाधिकारी उपस्थित रहे तथा ब्लॉक, जिला व वरिष्ठ नेताओं ने भी विचार रखे।

Vijay