कांग्रेस सेवादल पार्टी की रीढ़, पढ़ाता है अनुशासन का पाठ: राठौर (Video)

Wednesday, Feb 06, 2019 - 05:47 PM (IST)

बिलासपुर (मुकेश): कांग्रेस सेवादल कांग्रेस पार्टी की रीढ़ है जो कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रहने का पाठ पढ़ाता है। यह बात बुधवार को शाहतलाई में आयोजित 4 दिवसीय राज्य स्तरीय कांग्रेस सेवादल कैंप के समापन समारोह में बतौर मुख्यतिथि पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने पत्रकारों से कही। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद अन्य कांग्रेसी सदस्य भी कांग्रेस सेवादल से ट्रेंड किए जाएंगे क्योंकि पार्टी का सेवादल अनुशासित इकाई है। उन्होंने कहा कि  कांग्रेस पार्टी एक अनुशासित पार्टी है तथा कार्यकर्ताओं में सेवादल के माध्यम से और जोश भरा जाएगा, साथ ही उन्हें अनुशासन का पाठ पढ़ाया जाएगा।

भुलाया नहीं जा सकता कांग्रेस सेवादल के मुखिया का योगदान

उन्होंने कैंप कमांडर व कांग्रेस सेवादल के मुखिया अनुराग शर्मा की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने लगातार कांग्रेस सेवा दल में सेवा कर इकाई को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है जिसे पार्टी भुला नहीं सकती। इससे पहले कांग्रेस सेवा दल ने मुख्य गेट पर मुख्यातिथि का स्वागत करने के बाद तिरंगे झंडे को सलामी दी तथा वंदे मातरम् से समापन कार्यक्रम की शुरूआत की। इस मौके पर पूर्व विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष डॉ. वीरू राम किशोर, पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा, नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव बलविंदर सिंह बबलू व विवेक कुमार के सहित अन्य कई गण्यमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Vijay