''कांग्रेस लड़ी थी गोरों से, हम लड़ेंगे मोदी के चोरों से'', नया नारा लगाएगा बेड़ा पार ?

Thursday, Aug 09, 2018 - 03:27 PM (IST)

मंडी (नीरज)- कांग्रेस को उम्मीद है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में उसका नया नारा बेड़ा पार लगा देगा। कांग्रेस लड़ी थी गोरों से, हम लड़ेंगे मोदी के चोरों से। यह नारा दिया है कांग्रेस के अग्रणी संगठन सेवादल ने। सेवादल ने सभी राज्यों में इसी नारे के साथ तिरंगा मार्च का आयोजन किया। 9 अगस्त के ही दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने अंग्रेजों भारत छोड़ो का नारा दिया था। प्रदेश का राज्य स्तरीय तिरंगा मार्च मंडी जिला मुख्यालय पर आयोजित किया गया, जिसमें सेवादल के प्रदेश प्रभारी सुशील पराशर, प्रदेश के मुख्य संगठक अनुराग शर्मा और पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे। मंडी शहर में गांधी भवन से शुरू हुई तिरंगा यात्रा पूरे शहर का चक्कर काटती हुई वापिस यहीं पर आकर संपन्न हुई। 

कांग्रेस का नारा, चोरो भारत छोड़ो
पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि अंग्रेजों भारत छोड़ो की तर्ज पर अब सेवादल ने नया नारा दिया है कि ’’चोरों भारत छोड़ो’’। उन्होंने कहा कि केंद्र के कई चहेते अरबों-खरबों का गबन करके फरार हो गए हैं और देश को खुले तौर पर लूटने दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के जरिए यह संकल्प लिया गया है कि जब तक देश की सत्ता से भाजपा बाहर नहीं कर दी जाती और राहुल गांधी को प्रधानमंत्री नहीं बना दिया जाता तब तक यह आंदोलन इसी प्रकार से जारी रहेगा।

कांग्रेस का आजादी में योगदान
हिमाचल सेवादल के प्रभारी एवं राष्ट्रीय सचिव सुशील पराशर ने कहा कि कांग्रेस ने देश की आजादी में अपना अहम योगदान दिया है जबकि भाजपा और आरएसएस के लोगों का आजादी में कोई योगदान नहीं है। उन्होंने कहा कि देश को आजाद करवाने से लेकर आज तक जो भी विकास हुआ वो कांग्रेस की देन है और अब भाजपा इसे अपना बता रही है। उन्होंने कहा कि तिरंगा मार्च को जो क्रम शुरू हुआ है वो आगे भी जारी रहेगा और अब 2 अक्तूबर को फिर से इस प्रकार के मार्च का आयोजन किया जाएगा।

kirti