कुल्लू में गरजे कांग्रेसी, बोले-राफेल डील देश का सबसे बड़ा घोटाला

Thursday, Aug 02, 2018 - 05:54 PM (IST)

कुल्लू: जिला कांग्रेस कमेटी कुल्लू ने राफेल डील की जांच के लिए धरना-प्रदर्शन किया। इसकी अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी कुल्लू के कार्यवाहक अध्यक्ष भुवनेश्वर गौड़ ने की। कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय से नारे लगाते हुए ढालपुर होते हुए डी.सी. कुल्लू कार्यालय के बाहर तक गए। अध्यक्ष ने कहा कि राफेल डील बहुत बड़ा घोटाला है, इसकी जांच होनी चाहिए। प्रदेश कांग्रेस महासचिव धर्मवीर धामी ने कहा कि मोदी देश की भोलीभाली जनता को धोखा दे रहे हैं। केंद्र में सरकार को 5 साल होने को हैं मगर अच्छे दिन नहीं आए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार बने 6 महीने हो गए मगर कुछ विभागों के अधिकारियों के पद नहीं भरे गए, जिसकी वजह से जनता परेशान है। यह सरकार केवल जुमलों की सरकार है। राफेल डील की तह तक जाना चाहिए और देश की जनता को बताना होगा।

राज्यपाल को प्रेषित किया ज्ञापन
जिला कांग्रेस कमेटी कुल्लू ने इस दौरान डी.सी. कुल्लू के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भी प्रेषित किया। कांग्रेस ने कहा कि राफेल विमान खरीद सौदे से देश को आर्थिक चपत लगी है। इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी कुल्लू के महासचिव चुनेश्वर ठाकुर, देवेंद्र ठाकुर, कुल्लू विधानसभा क्षेत्र कांग्रेस के अध्यक्ष उत्तम शर्मा, जिला परिषद सदस्य दुष्यंत ठाकुर, सचिव युवराज ठाकुर, नवनीत ठाकुर, जिला कांग्रेस कुल्लू के सोशल मीडिया संयोजक राजेश कुमार (शानू), मनाली विधानसभा क्षेत्र के उपाध्यक्ष गंगा राम, जिला कुल्लू इंटक के अध्यक्ष संजय शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Vijay