मंत्री वीरेंद्र कंवर बोले- गरीबों के नाम पर कांग्रेस के आंसू घड़ियाली

Sunday, Mar 31, 2019 - 11:23 AM (IST)

बड़ूही : चुनाव आते ही कांग्रेस ने गरीबों के नाम पर घड़ियाली आंसू बहाने शुरू कर दिए हैं। यह बात ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने थानाकलां में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आयोजित बैठक में कही। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने न्याय योजना का चुनावी वायदा किया है, जो गरीबों के साथ भद्दा मजाक है। उन्होंने कहा कि जब 1952 में देश की आबादी सिर्फ 30 करोड़ थी तो कांग्रेस सरकार ने गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम शुरू किया लेकिन नतीजा क्या हुआ। फिर इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री बनीं तो कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा दिया लेकिन हुआ कुछ नहीं।

आज कांग्रेस का नेतृत्व गांधी-नेहरू परिवार की 5वीं पीढ़ी कर रही है मगर नारा एक बार फिर गरीबी हटाने का ही है। उन्होंने पूछा कि कांग्रेस साफ करे कि गरीब और गरीबी के नाम पर कांग्रेस के प्रथम परिवार की और कितनी पीढिय़ां सियासत करेंगी। कंवर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की भूमिका न तो गरीबी दूर करने में है और न ही देश को एक रखने में इस पार्टी का कोई योगदान है। भारत की आजादी के बाद सरदार पटेल ने सभी रियासतों का विलय भारत में करवाया जबकि जम्मू-कश्मीर का जिम्मा जवाहर लाल नेहरू के हिस्से था। अंजाम सभी के सामने है।

मोदी ने गरीबों के लिए बनाईं योजनाएं ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री ने कहा कि देश की बागडोर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ में आने के बाद 8 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। मोदी सरकार ने पिछले 5 वर्षों में गरीबी को दूर करने के लिए लगातार अनेक योजनाएं चलाई हैं। आगामी कार्यक्रमों की बनाई रूपरेखा थानाकलां में वीरेंद्र कंवर ने भाजपा युवा मोर्चा के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की। बैठक में कुटलैहड़ भाजपा महामंत्री कैप्टन प्रीतम डढवाल, युवा मोर्चा मंडलाध्यक्ष राम सिंह, अशोक, विजय शर्मा, महामंत्री चरणजीत शर्मा, एस.सी. मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष एम.आर. दरोच, विक्रम ठाकुर, जिला परिषद सदस्य इंदू बाला व उपप्रधान मनोज सहित कई नेता उपस्थित रहे।

kirti