सांसदों के निलंबन के विरोध में हिमाचल में कांग्रेस का हल्ला बोल, केंद्र सरकार के खिलाफ किए धरने-प्रदर्शन

Friday, Dec 22, 2023 - 04:33 PM (IST)

शिमला (राक्टा): लोकसभा एवं राज्यसभा से विपक्षी दलों के सांसदों के निलंबन के विरोध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ सभी जिला मुख्यालयों में धरने-प्रदर्शन आयोजित किए। जिलाध्यक्षों की अगुवाई में आयोजित धरने-प्रदर्शन में पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्त्ताओं ने भाग लिया। शिमला जिला में शिमला शहरी के अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी के नेतृत्व में मालरोड के नाज पर प्रदर्शन किया गया। इन दौरान जितेंद्र चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार के पाप का घड़ा भर गया है।

लोकतंत्र का घोंटा जा रहा गला, संसद को विपक्षविहिन करने के हो रहे प्रयास
जितेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। संसद को विपक्षविहिन करने के प्रयास हो रहे हैं ताकि मनमानी की जा सके। उन्होंने कहा कि संसद से जिस प्रकार सांसदों को सदन से निलंबित किया गया है, वह लोकतंत्र की हत्या के समान है। देश के इतिहास में केंद्र के इस कदम से एक काला अध्याय जुड़ गया है। विपक्ष के सवालों से बचने के लिए सांसदों को सदन से निलंबित किया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी सांसद को सदन के अंदर सरकार से सवाल करने का पूरा अधिकार है, लेकिन केंद्र की भाजपा इस अधिकार का हनन कर रही है जो बहुत ही चिंता का विषय है। इस दौरान कांग्रेस उपाध्यक्ष विनीत गौतम, हिमुडा के उपाध्यक्ष एवं कांग्रेस महासचिव यशवंत छाजटा, यशपाल तनाईक, अनिता वर्मा, चंद्रप्रभा नेगी, राजकुमारी सोनी, इंद्रजीत सिंह, भूपेंद्र कंवर व बलदेव ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारियों व सदस्यों ने भाग लिया।

अपमान का बदला लेने को देशवासी आतुर : जैनब
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने अपने संबोधन में कहा कि विपक्ष के सांसदों का निलंबन देश की जनता का अपमान है। ऐसे में देश अब इस अपमान का बदला लेने को आतुर है और आगामी लोकसभा चुनावों में भाजपा की सत्ता से विदाई तय है। उन्होंने कहा कि आज देश में हर वर्ग दुखी व असहाय है।

तानाशाह बन चुकी केंद्र सरकार
जैनब चंदेल ने कहा कि देश में इंडिया गठबंधन पूरी मजबूती के साथ भाजपा की जनविरोधी नीतियों व तानाशाही के खिलाफ एकजुट है। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार तानाशाह बन चुकी है और जिस देश के लोकतंत्र को पूरी दुनिया मानती है, उस लोकतंत्र की हत्या करने के प्रयास आज देश में हो रहे हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay