Himachal: चम्बा में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी, महंगाई व बेरोजगारी को लेकर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 05:57 PM (IST)
चम्बा (काकू): देश में लगातार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, पैट्रोल-डीजल व रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि के विरोध में शनिवार को कांग्रेस ने जिला मुख्यालय चम्बा में धरना-प्रदर्शन किया। चम्बा सदर के विधायक नीरज नैय्यर के नेतृत्व में किए प्रदर्शन में काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस मौके पर विधायक नीरज नैय्यर ने कहा कि आज देश का आम नागरिक महंगाई की मार से त्रस्त है। पैट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ने से रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार बेरोजगारी को लेकर केवल बड़े-बड़े दावे कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। युवाओं को रोजगार देने में सरकार पूरी तरह असमर्थ साबित हुई है और देश की अर्थव्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है।

प्रदर्शन के बाद सदर विधायक की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं ने एसी टू डीसी मनमोहन सिंह के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भी प्रेषित किया। ज्ञापन में कांग्रेस पार्टी ने मांग की है कि देश में लगातार बढ़ रही महंगाई पर तुरंत लगाम लगाई जाए। पैट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल कम करके आम जनता को राहत दी जाए, साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के पुख्ता अवसर पैदा किए जाएं और केवल कागजी दावों की बजाय जमीनी स्तर पर काम किया जाए।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द ही महंगाई पर काबू पाने और आम जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए तो इस देशव्यापी आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी, कांग्रेस जिला महासचिव नरेश राणा, कपिल भूषण, ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष ओम प्रकाश, जीवन सलारिया, भानू प्रताप व अजय जरयाल मौजूद रहे।

