कांग्रेस पार्टी वंशवाद व राजनीतिक द्वेष की भावना से ग्रस्त : सूरत नेगी

Saturday, Dec 29, 2018 - 09:30 PM (IST)

चम्बा: कांग्रेस पार्टी ने सदैव वंशवाद को बढ़ावा दिया है, जिसके चलते उसकी आज यह खस्ता हालत हुई है लेकिन अफसोस की बात है कि आज कांग्रेस के ऐसे छुटभैया नेता भाजपा के बड़े नेताओं के खिलाफ मुंह खोल रहे हैं, जिनका कांग्रेस में ही कोई कद नहीं है। इतना जरूर है कि सत्ता में रहते हुए ऐसे कांग्रेसियों ने प्रदेश के विकास में कोई योगदान नहीं दिया। वन निगम के उपाध्यक्ष सूरत नेगी ने पत्रकार वार्ता में यह बात कही। उन्होंने कहा कि एक समय था जब पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का किन्नौर में डंका बजता था लेकिन अब तो स्थिति यह है कि वहां के लोग उन्हें याद तक करना गवारा नहीं समझते हैं।

योजना का रद्द होना चम्बा के लोगों की कमी

वन निगम उपाध्यक्ष से जब चम्बा के विकास हेतु स्वीकृत 7 करोड़ रुपए की योजना के रद्द होने की बात कही गई तो उन्होंने कहा कि चम्बा के लोगों की कमी रही, जिसके चलते इस योजना का पैसा चला गया। उन्होंने कहा कि चम्बा के लोगों को जागरूक होना चाहिए था। उन्होंने कहा कि इस मामले के बारे में स्थानीय विधायक को जानकारी देनी चाहिए थी। इस पर जब उन्हें बताया गया कि विधायक को पूरी जानकारी दी गई थी तो उन्होंने कहा कि फिर मैं इस विषय पर इतना ही कह सकता हूं कि इस मामले को सरकार के समक्ष रखूंगा। उन्होंने कहा कि सभी समस्याओं का हल तो संभव नहीं है लेकिन जब लोग जागरूक होंगे तो समस्याएं भी हल होंगी।

कांग्रेस पार्टी खुद को 10 में से 10 नम्बर देने तक ही सीमित

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जयराम सरकार ने अपने इस एक वर्ष के कार्यकाल में पूरी ईमानदारी के साथ जनसमस्याओं को निपटाने के लिए प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी चाहे सत्ता में हो चाहे विपक्ष में वह सिर्फ 10 में से 10 नम्बर खुद को ही देने तक सीमित है क्योंकि उसने अपनी आंखों पर राजनीतिक द्वेष भावना की पट्टी बांध रखी है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस ईमानदारी दिखाती तो उसे निसन्देह जयराम सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल को पूरे नम्बर देने के लिए मजबूर होना पड़ता।

Vijay