रेप की घटनाओं पर कांग्रेस ने निकाला कैंडल मार्च, दरिंदों को मांगी फांसी

Sunday, Apr 15, 2018 - 12:20 AM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर के कठुआ और उत्तर प्रदेश के उन्नाव में मासूमों के साथ जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले दरिंदों के लिए फांसी की मांग की है। दिल दहला देने वाली इन घटनाओं के विरोध में शनिवार शाम को कांग्रेसियों ने पार्टी मुख्यालय राजीव भवन से डी.सी. ऑफिस, मालरोड होते हुए रिज स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तक कैंडल मार्च निकाला। कांग्रेस अध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगुवाई में कांग्रेसजन शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकालते हुए रिज पर पहुंचे और रोष जताया। इस दौरान सुक्खू ने कहा कि दोनों घटनाओं को अंजाम देने वाले दरिंदों को फांसी दी जाए। पीड़ित परिवारों को जल्दी न्याय दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामलों की सुनवाई हो। उन्होंने कहा कि उन्नाव में भाजपा विधायक को बचाने की कोशिश की जा रही है। हाईकोर्ट को संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के आदेश देने पड़े। इन घटनाओं के आरोपियों को बचाने के पीछे यदि राजनीतिक लोग हैं तो उन पर भी कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। इन घटनाओं की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है।


कैंडल मार्च में इन्होंने लिया भाग
 कैंडल मार्च में सी.एल.पी. लीडर मुकेश अग्रिहोत्री भी मौजूद रहे। इसके साथ ही पूर्व सी.पी.एस. रोहित ठाकुर, प्रदेश महासचिव हरभजन सिंह भज्जी, मीडिया विभाग के चेयरमैन नरेश चौहान, प्रवक्ता संजय सिंह, असंगठित कामगार प्रकोष्ठ के चेयरमैन सुरेंद्र चौहान, गीता नेगी, पूर्व विधायक आदर्श सूद, ए.आई.सी.सी. सदस्य महेंद्र चौहान, जिला शिमला ग्रामीण अध्यक्ष यशवंत छाजटा व शिमला शहरी अध्यक्ष प्रदीप भुजा सहित अन्य नेता व पदाधिकारियों सहित कांग्रेस के अग्रणी संगठनों युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल, एन.एस.यू.आई. व सोशल मीडिया विभाग सहित अनेक विभागों के कार्यकर्ता, पार्षद व पूर्व पार्षद भी मौजूद रहे।

Vijay