जमानत पर चले व्यक्ति को CM का चेहरा घोषित कर बैक फुट पर आई कांग्रेस : मंगल पांडेय

Thursday, Oct 12, 2017 - 01:15 AM (IST)

नयनादेवी: भाजपा के प्रदेश प्रभारी मंगल पांडेय ने कहा है कि जमानत पर चले भ्रष्टाचारी व्यक्ति को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित कर कांग्रेस पार्टी फ्रंट फुट पर नहीं बल्कि बैक फुट पर चली गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा में मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा, इसका फैसला केंद्रीय हाईकमान सही समय पर करेगी। राहुल गांधी को भ्रष्टाचारी व्यक्ति ही पसंद आया है जबकि सुक्खू की टीम फेल हो गई है। राहुल ने सुक्खू को रिजैक्ट किया तो जमानत पर चले मुख्यमंत्री को ही अपनी पसंद बनाया है। पार्टी प्रभारी ने कहा कि चुनाव के ऐन पहले वीरभद्र सरकार द्वारा की जा रही घोषणाओं का कोई असर नहीं होगा। प्रदेश की जनता भ्रष्टाचारी व्यक्ति का समर्थन नहीं करेगी। प्रदेश के लोग भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं। कांग्रेस पार्टी के पास कोई विकल्प नहीं था, ऐसे में पार्टी ने केवल उस व्यक्ति का नाम आगे किया है जो बेल पर है और कई आरोपों से घिरा हुआ है। 

अमित शाह के बेटे ने नहीं हड़पी किसी की संपत्ति
अमित शाह के बेटे के खिलाफ की जा रही बयानबाजी पर मंगल पांडेय ने कहा कि शाह के बेटे ने किसी की संपत्ति नहीं हड़पी है। पूरी पारदर्शिता एवं दस्तावेजों के साथ काम किया है। कांग्रेस पार्टी मुद्दाविहीन है, ऐसे में इस प्रकार की बातों को हवा दे रही है। पार्टी प्रभारी ने कहा कि चुनावों की घोषणा के बाद प्रदेश चुनाव समिति की बैठक होगी और इसमें कैंडीडेट फाइनल कर केन्द्रीय हाईकमान को भेज दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री का फैसला भी हाईकमान सही समय पर करेगा। उन्होंने कहा कि बैठक में क्या हुआ है इसकी अधिकृत जानकारी प्रदेश अध्यक्ष ने दी है। बैठक में कई विषयों पर चर्चा हुई है।