तानाशाह भाजपा सरकार से जनता का मोहभंग, अब कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प : राजीव शुक्ला

Sunday, Aug 28, 2022 - 05:38 PM (IST)

ऊना (ब्यूरो): कुटलैहड़ में महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा को आड़े हाथों लिया तथा जमकर निशाने साधे। कार्यक्रम में आए हिमाचल प्रदेश कांग्रेस नेता गुरकीरत सिंह कोटली ने कहा कि भाजपा के राज में आज महंगाई चरम पर है। आम आदमी मर रहा है और भाजपा की तानाशाही दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। गरीबों के हालात को समझना तो दूर भाजपा सरकार आम आदमी को असल मुद्दों से भटकाने का प्रयास कर रही है जोकि असहनीय है। गैस-पैट्रोल से लेकर आम जरूरतों के सामान तक पर टैक्स लगा दिए गए हैं, जिससे आजीविका चलाना मुश्किल हो गया है। प्रदेश में ओपीएस, 5 लाख नौकरियां और 680 करोड़ के स्टार्टअप से युवाओं को राहत देने का कार्य सिर्फ और सिर्फ कांग्रेस पार्टी ही कर सकती है। गुरकीरत कोटली ने कुटलैहड़ की जनता से कांग्रेस का टिकट मिलने के बाद प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प बचा है जो आम आदमी को राहत देने का कार्य करेगी। इस दौरान कोटली ने सचिव देवेंद्र भुट्टो को कार्यक्रम के आयोजन के लिए बधाई भी दी।

तानाशाही फैसले लेकर आम आदमी के मुंह से निवाला छीन सरकार
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला किसी कारणवश इस कार्यक्रम में सम्मिलित नहीं हो सके लेकिन वीडियो कॉन्फ्रैंसिंग के माध्यम से उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि तानाशाह भाजपा सरकार ने महंगाई व जीएसटी इत्यादि तो बढ़ाया ही है, साथ ही भर्तियों में भी बहुत घोटाले किए जिसकी वजह से आम जनता का विश्वास इस सरकार पर से उठ चुका है, ऐसे में अब कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अब तो और रोजमर्रा के इस्तेमाल की चीजें यहां तक कि दूध-दही पर भी टैक्स लगा दिया गया है। यह सरकार ऐसे तानाशाही फैसले लेकर आम आदमी के मुंह से निवाला छीन रही है। उन्होंने हिमाचल की जनता से महंगाई, भ्रष्टाचारी व बेरोजगारी के खिलाफ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने भारी जनाक्रोश को देखते हुए कहा कि जनता की आवाज इस सरकार के कानों तक जरूर पहुंची होगी।

देश की जड़ों को खोखला करने नहीं देगी कांग्रेस : राजेंद्र राणा
भारी जनसमूह के बीच सुजानपुर से विधायक राजेंद्र राणा ने मंच पर हुंकार भरते हुए कहा कि यह भाजपा सरकार सिर्फ गरीब जनता और युवाओं के सपनों के साथ धोखा कर रही है। ओपीएस पर कार्य करना और सैनिकों की पैंशन देना तो दूर की बात है इस सरकार ने अग्निवीर जैसी योजना चलाकर युवाओं के साथ धोखा किया है और धीरे-धीरे सभी सरकारी संपत्तियों का निजीकरण करने पर यह सरकार उतारू है। कांग्रेस पार्टी वह पार्टी है जिसने न केवल इस देश को आजादी दिलवाई बल्कि 70 वर्षों तक इस देश को संभाला और संवारा है। आधुनिकता के पथ पर चलकर प्रगति के शिखर तक कांग्रेस पार्टी इस देश को यहां तक लेकर आई है और आगे भी कांग्रेस पार्टी भाजपा जैसी सरकार को इस देश की जड़ों को खोखला करने नहीं देगी। उन्होंने कहा कांग्रेस पार्टी सपने दिखाने में यकीन नहीं रखती बल्कि सपनों को हकीकत में बदलना जानती है। प्रदेश में पूरे 5 साल का भाजपा का कार्यकाल एक काला अध्याय रहा है जिसमें विकास से लेकर आम आदमी की उम्मीदों तक को ताक पर रखा गया।

भाजपा ने आम जनता को परोसे जुमले : रायजादा
ऊना से विधायक रायजादा ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने डबल इंजन और प्रगति के नाम पर आम जनता को बस जुमले ही परोसे हैं लेकिन प्रदेश में दूर-दूर तक विकास का कोई नामोनिशान नहीं है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में बनने वाली वस्तुएं ही प्रदेशवासियों के लिए महंगी हैं और विभिन्न तरह के घोटाले आए दिन सामने आ रहे हैं। यहां तक कि विद्या के मंदिर में भी भ्रष्टाचार की दीमक लग चुकी है तो भला इस सरकार से और क्या अपेक्षा की जा सकती हैं। इस सरकार ने आम आदमी ही नहीं सरकारी कर्मचारियों को भी अपने अत्याचारों से विवश कर दिया है और अब हम सभी को मिलकर एक बुलंद आवाज उठानी है जो कि आने वाले समय में प्रदेश की तस्वीर ही नहीं तकदीर भी बदल कर रख दे। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया अध्यक्ष अभिषेक राणा, जिलाध्यक्ष रणजीत राणा, विक्रम डिकी, बोधराम, व विवेक शर्मा सहित अन्य नेतागण भी मौजूद रहे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay