कांग्रेस नेता बोले-टैम्पो पर खड़े होकर भाजपा नेता कर रहे नौटंकी

Thursday, Jul 06, 2017 - 01:27 AM (IST)

शिमला: कांग्रेस नेताओं ने भाजपा की हिमाचल में चल रही परिर्वतन रथ यात्रा को टैम्पो यात्रा करार दिया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि असल में भाजपा रथ यात्रा नहीं, टैम्पो यात्रा कर राज्य की जनता को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रही है। प्रदेश वित्तायोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार, 20 सूत्रीय कार्यक्रम कार्यान्वयन के अध्यक्ष ठाकुर राम लाल ठाकुर और हि.प्र. प्रदूषण बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने संयुक्त बयान में उक्त बात कही। उक्त नेताओं ने कहा कि टैम्पो पर खड़े होकर मुख्य मार्गों से गुजर कर भाजपा नौटंकी कर रही है। कहा गया है कि परिवर्तन प्रदेश में नहीं, भाजपा में होने जा रहा है।

भाजपा नेताओं में मुख्यमंत्री पद की लालसा
उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं में मुख्यमंत्री पद की लालसा साफ झलक रही है और आलम यह है कि प्रदेश में भाजपा अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा के ‘मिशन रिपीट’ को ‘डिफीट’ में बदलकर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने उनके राजनीतिक अरमानों को ढेर कर दिया था और इस वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा की टैम्पो यात्रा की हवा पूरी तरह निकल जाएगी। 

सत्ता हथियाने का सपना नहीं होगा पूरा
कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि प्रदेश में फिर से कांग्रेस सरकार बनेगी और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह 7वीं बार राज्य के मुख्यमंत्री बनेंगे। कहा गया है कि भाजपा कोई भी यात्रा निकाल ले, उसे इसका कोई लाभ नहीं होगा। कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर झूठे आरोप लगाकर भाजपा प्रदेश में सत्ता हथियाने का जो सपना देख रही है, वह कभी पूरा नहीं होने वाला।

केंद्र के तुगलकी फरमान से डरे देशवासी
कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि प्रदेश की जनता भाजपा की नीति व नीयत से भली-भांति परिचित है। कहा गया है कि भाजपा ने पहले नोटबंदी और अब जी.एस.टी. के नाम पर देश के लोगों के जीवन में अस्थिरता का माहौल पैदा कर दिया है। देश के लोग केंद्र सरकार के तुगलकी फरमान से डर रहे हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था को अस्त-व्यस्त करने की पूरी कोशिश भाजपा नेताओं द्वारा की जा रही है।