सुर्खियों में बने रहने के लिए आधारहीन विषयों को छेड़ रहीं है कांग्रेस : त्रिलोक

Monday, Aug 31, 2020 - 01:24 PM (IST)

धर्मशाला (जिनेश) : ड्राइंग रूम की राजनीति करने वाली कांग्रेस मीडिया की सुर्खियों में बने रहने के लिए आधारहीन विषयों को छेड़कर अपना मजाक बनकर रह गई है। यह आरोप भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं वूल फेडरेशन के अध्‍यक्ष त्रिलोक कपूर ने सोमवार को धर्मशाला में कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र की विस्तारक योजना बैठक से पहले पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं पर लगाए । निगम व बोर्डों के चेयरमैन व वाइस चेयरमैन की नियुक्तियों पर लगाए गए आरोपों पर उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को यह मालूम है कि जब वीरभद्र शासनकाल में संवैधानिक रूप से नौ मुख्य संसदीय सचिव और 55 से भी ज्यादा निगम और बोर्डों के चेयरमैन व वाइस चेयरमैन की एक विशाल रेजीमेंट स्थापित की थी। तब कांग्रेस के नेताओं को सरकार पर पढ़ रहा आर्थिक बोझ नजर नहीं आया। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार ने कांग्रेस से आधी संख्या तक नियुक्तियां कर भी दी तो कांग्रेस के नेताओं को क्यों दिक्कत हो रही हैं। वहीं त्रिलोक कपूर ने जेईई व नीट की परीक्षा पर कांग्रेस की राजनीति को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया।

Jinesh Kumar