चुनावी रणभूमि में लड़ने को कांग्रेस पूरी तरह से तैयार : धनीराम शांडिल

Sunday, Mar 24, 2019 - 04:18 PM (IST)

सोलन (चिनमय): सोलन शहरी कांग्रेस ने रविवार को एक बैठक का आयोजन किया, जिसमें विधायक धनीराम शांडिल बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए जबकि जिला अध्यक्ष शिव कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष सरदार सिंह ठाकुर और शहरी कांग्रेस अध्यक्ष अंकुश सूद विशेष रूप से उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में कांग्रेस को शहर में और मजबूत कैसे किया जाए इस पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने विचार रखे और कांग्रेस को शहर से भारी लीड दिलाने के लिए जिम्मेदारियां प्राप्त कीं।

कांग्रेस को मजबूत करने का लिया संकल्प

इस मौके पर शहरी कांग्रेस अध्यक्ष अंकुश सूद ने बताया कि शहर में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए बूथ स्तर पर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं, वहीं शहरी कांग्रेस के पदाधिकारियों को वार्ड का प्रभारी भी नियुक्त किया गया है। इस दौरान उन्हें अपने-अपने वार्ड में कांग्रेस को मजबूत करने का संकल्प भी दिलवाया गया ताकि कांग्रेस को शहर से लोकसभा चुवावों में भारी लीड मिल सके।

महंगाई और झूठे वायदों से दुखी हैं लोग

वहीं इस मौके पर विधायक ने कहा कि सोलन में कांग्रेस चुनावी रणभूमि में लड़ने के लिए पूर्ण रूप से तैयार है। उन्होंने कहा कि आज शहर में कांग्रेस को और मजबूत कैसे किया जाए इसको लेकर पदाधिकारियों से चर्चा की गई और उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। उन्होंने कहा कि आज केंद्र सरकार की योजनाएं और पैसा हिमाचल नहीं पहुंच रहा है और सभी लोग महंगाई और झूठे वायदों से दुखी हैं इसलिए अब जनता बदलाव चाहती है।

Vijay