कांग्रेस प्रभारी ने साधा निशाना, बोलीं-BJP में दिग्गज तो CM कैंडीडेट और प्रदेशाध्यक्ष क्यों हारे

Saturday, Aug 11, 2018 - 05:30 PM (IST)

ऊना (विशाल): कांग्रेस को जनता नहीं बल्कि पार्टी के ही भीतराघाती हराते हैं। यह बात ऊना के बहड़ाला में आयोजित कांग्रेस के सम्मेलन के दौरान हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने अपने संबोधन में कही। उन्होंने कहा कि भीतरघातियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल भाजपा में कोई दिग्गज नेता नहीं है। हिमाचल भाजपा में यदि दिग्गज है तो इन विस चुनावों में सी.एम. कैंडीडेट रहे धूमल और भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सत्ती क्यों हारे? उन्होंने कहा कि इस बार के लोकसभा चुनावों में सभी कांग्रेसी एकजुट होकर भाजपा को थल्ले करेंगे और कांग्रेस की बल्ले करेंगे। पार्टी को एकजुटता का पाठ पढ़ाया जाएगा और हिमाचल में चारों सीटें कांग्रेस के खाते में डाली जाएंगी। उन्होंने कहा कि दुश्मनों की चालों के चलते कांग्रेस के सम्मेलनों में विवाद खड़े करने का काम किया जा रहा है।

देश के चौकीदार नहीं, भागीदार-हिस्सेदार और गुनहगार बने मोदी
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के चौकीदार नहीं बल्कि भागीदार, हिस्सेदार और गुनहगार बने हैं। बिना रक्षा मंत्री को साथ लिए टहलते हुए फ्रांस जा पहुंचे और वहां सब्जी तरकारी की तरह राफेल डील कर डाली, जिसमें भारी-भरकम घोटाला किया गया है। उन्होंने कहा कि मोदी ने वायदे के अनुसार न तो किसी को 15 लाख दिए और न किसी को रोजगार व न ही महिलाओं को आरक्षण दिया है। केवल लच्छेदार भाषणों से जनता को ठगा है।

Vijay