कांग्रेस भ्रष्टाचारियों का कुनबा : किशन कपूर

Wednesday, Apr 24, 2019 - 03:14 PM (IST)

इंदौरा (अजीज): जिस भारत को विश्व की बड़ी-बड़ी शक्तियां हल्के में लेती थीं, आज वे भारत के सामने नतमस्तक हो रही हैं। आज भारत विश्व के मानचित्र पर उभर कर सामने आया है तो इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। यह बयान भाजपा कांगड़ा-चम्बा प्रत्याशी किशन कपूर ने दिया। वह इंदौरा क्षेत्र में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कांग्रेस भ्रष्टाचारियों का कुनबा है, हिंदुस्तान में आतंकवाद, माओवाद, नक्सलवाद की जनक कांग्रेस है, ऐसे में इस बार का चुनाव राष्ट्र को समर्पित चुनाव है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने नारा दिया, मैं भी चौकीदार, क्या कांग्रेस के लोग यह कहना पसंद करेंगे कि मैं भी पप्पू।

भाजपा को विजयी बनाने की अपील की

उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस ने सारी सीटों पर चुनाव लड़ा था तो 44 सीटें जीतीं। अब तो वह सभी सीटों पर चुनाव ही नहीं लड़ रही तो कहां जीतेगी। जनता इस बात को समझ चुकी है और अब नारे लग रहे हैं हर-हर मोदी, घर-घर मोदी। जो भाजपा की विजय के पूर्व संकेत हैं। उन्होंने कहा कि वह जहां भी जा रहे हैं वहां लोगों की उपस्थिति इतनी ज्यादा और लोगों का इतना स्नेह मिल रहा है कि वे भाजपा को विजयी बनाने का मन बना चुके हैं। उन्होंने कहा कि देश यदि किसी हाथ में सुरक्षित है तो नरेंद्र मोदी के हाथ में सुरक्षित है। उन्होंने लोगों से भाजपा को विजयी बनाने की अपील की।

जाति-धर्म के नाम पर मतों का ध्रुवीकरण करती है कांग्रेस

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा जाति और धर्म के नाम पर मतों का ध्रुवीकरण करने का काम किया है। इस अवसर पर उनके साथ विधायक रीता धीमान, विधायक राजेश ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Vijay