सत्ती का CM पर हमला, कहा-कांग्रेस हाईकमान जल्द ले वीरभद्र से त्याग पत्र

Wednesday, Apr 05, 2017 - 10:09 AM (IST)

हमीरपुर/शिमला: भोरंज उपचुनाव में वीरभद्र सिंह और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू बार-बार बयान दे रहे हैं कि धूमल मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे। इससे यह बात साबित हो गई है कि कांग्रेस पार्टी राज्य में नहीं आ रही है। दोनों नेताओं ने अपनी हार मान ली हुई है। उन्होंने कहा कि सुक्खू और वीरभद्र को चाहिए कि वह दोनों यह चिंता करें कि वह अब वीरभद्र की जमानत पहले करवाएंगे या फिर जेल जाने के बाद। यह बात बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने हमीरपुर में पत्रकार वार्ता में कही।


कांग्रेस हाईकमान तुरंत मुख्यमंत्री से ले त्याग पत्र
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाईकमान तुरंत मुख्यमंत्री से त्याग पत्र लेकर उनको जांच में सहयोग के निर्देश जारी करे। उन्होंने कहा कि वीरभद्र आज तक माननीय न्यायालयों के फैसलों की आड़ में बचते आ रहे थे लेकिन अब उनका जेल जाना तय है। उन्होंने कहा कि उनके इशारे पर हिमाचल विजीलैंस की टीम पिछले साढ़े 4 वर्षों से पहले धूमल की प्रॉपर्टी की जांच कर रही है। लेकिन उसे कुछ नहीं मिला। यानि वह अपने पापों को छुपाने के लिए दूसरों पर दोषारोपण कर रहे हैं। 


नड्डा को प्रदेशाध्यक्ष बनाना मीडिया की उपज 
सत्ती ने कहा कि हिमाचल भाजपा का प्रदेशाध्यक्ष बदलने की संगठन में न तो कोई चर्चा है और न ही कोई बात है। जे.पी. नड्डा हमारे केंद्रीय मंत्री हैं और उन्हें प्रदेशाध्यक्ष बनाने की चर्चा सिर्फ मीडिया की ही उपज है। 


भाजपा 6 को मनाएगी स्थापना दिवस 
सत्ती ने कहा कि हिमाचल में 6 अप्रैल को भाजपा द्वारा स्थापना दिवस मनाया जाएगा। सभी जिला व मंडलों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नए भारत की नींव मजबूत की जा रही है और इसमें सभी को दलगत राजनीति से उठकर सहयोग करना चाहिए।