टोपी विवाद पर कांग्रेस महासचिव का पलटवार, भाजपा पर जड़ा यह आरोप

Thursday, Sep 14, 2017 - 06:17 PM (IST)

शिमला: टोपी विवाद पर प्रदेश कांग्रेस के महासचिव एवं मीडिया विभाग के चेयरमैन नरेश चौहान ने विपक्ष में बैठी भाजपा पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा के पास विधानसभा चुनाव में राज्य की कांग्रेस सरकार को घेरने के लिए कोई मुद्दा नहीं है, ऐसे में मुद्दाविहीन पार्टी के नेता अब टोपी के नाम पर राजनीति कर जनता को गुमराह करने में जुट गए हैं। उन्होंने सांसद अनुराग ठाकुर के उस बयान पर भी पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर निचले हिमाचल की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।

प्रदेश में क्षेत्रवाद को बढ़ावा
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पूरे हिमाचल का एक सामान विकास किया है और वर्तमान सरकार के कार्यकाल में विकास के नए आयाम स्थापित किए गए हंै जबकि भाजपा ने हमेशा प्रदेश में क्षेत्रवाद को बढ़ावा दिया है और निचले और ऊपर के हिमाचल के आधार पर लोगों को बांटने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि कांग्र्रेस सरकार पर आरोप लगाने से पहले सांसद अनुराग ठाकुर को लोकसभा चुनाव के दौरान देश और प्रदेश की जनता से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए लुभावने वायदों के बारे में बोलना चाहिए और राज्य की पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल का आकलन भी कर लेना चाहिए। 

मोदी सरकार से मांगा जाएगा हिसाब 
उन्होंने कहा कि देश के साथ प्रदेश की जनता भी प्रधानमंंत्री नरेंद्र मोदी के जुमलों से परिचित हो चुकी है। उन्होंने कहा कि ऐसे में विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश के भाजपा नेताओं से केंद्र सरकार के सवा 3 सालों का हिसाब मांगा जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाने से पहले भाजपा नेताओं को भाजपा शासित राज्यों में हो रहे घोटालों के बारे में भी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।