आम आदमी के अच्छे दिन आए कांग्रेस के नहीं: गणेश दत्त

Thursday, Jul 12, 2018 - 10:42 AM (IST)

शिमला: प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष गणेश दत्त ने कहा कि कांग्रेस का हर छोटा-बड़ा नेता आज बयान दे रहा है कि अच्छे दिन नहीं आए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अच्छे दिन तो नहीं आए लेकिन किसान, मजदूर और गरीब लोगों के अच्छे दिन आ गए हैं। उन्होंने यहां जारी बयान में कहा कि यू.पी.ए. सरकार के समय 150 से 200 रुपए प्रति किलोग्राम के हिसाब से मिलने वाली दालें आज 50 से 80 रुपए प्रति किलोग्राम तक सस्ती मिल रही हैं। इसी तरह गरीब महिलाओं को देश व प्रदेश में 5 करोड़ के लगभग गैस कनैक्शन दिए जा रहे हैं। 


किसानों की समस्या को ध्यान में रखते हुए खरीफ की फसल के लिए 200 रुपए प्रति क्विंटल एम.एस.पी. बढ़ा दिया है। देश में 3,000 से अधिक सस्ती दवाओं की दुकानें खोली गई हैं। यू.पी.ए. कार्यकाल में जो एल.ई.डी. बल्ब 350 रुपए में मिलता था, वह आज 50 रुपए में मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के कार्यकाल में घोटाले बंद हो गए हैं जबकि पूर्व यू.पी.ए. सरकार घोटालों के लिए जानी जाती है। ऐसे में कांग्रेस को क्या ये अच्छे दिन नजर नहीं आते? उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकासोन्मुखी नीति एवं योजनाओं के चलते भाजपा हिमाचल प्रदेश में चारों लोकसभा सीटों पर चुनाव जीतेगी।


मुकेश में विपक्ष का नेता न बनने की झल्लाहट: भाजपा
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शशि दत्त, बलदेव तोमर तथा मीडिया सह प्रभारी रवि मेहता ने कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री की तरफ से सरकार के खिलाफ की जा रही बयानबाजी पर आपत्ति जताई है। भाजपा नेताओं ने यहां जारी संयुक्त बयान में आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता न बनने की झल्लाहट में अग्रिहोत्री ऐसी बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के खिलाफ अनाप-शनाप बयानबाजी करने से लगता है कि कांग्रेस जनादेश को पचा नहीं पा रही है। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर को अस्थायी मुख्यमंत्री कहना जनादेश का अपमान है। प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बेदखल कर दिया है, इस बात को उन्हें अब समझ लेना चाहिए। 

Ekta