कांग्रेस ने देश को जाति और उपजाति में बांटा : किशन कपूर
punjabkesari.in Sunday, Apr 15, 2018 - 09:47 AM (IST)

डल्हौजी : जिला चम्बा के दौरे के दौरान शनिवार को हि.प्र. के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ने बनीखेत में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कपूर ने कहा कि देश को जाति एवं उपजाति में बांटने वाली कांग्रेस आज दलित एवं अनुसूचित जाति, जनजाति हितैषी होने का ढोंग रच रही है। कांग्रेस बताए कि डा. भीमराव अम्बेदकर के नाम से उन्होंने क्या किया जिनके पास इतनी डिग्रियां थीं कि देश तो क्या विश्व में डा. अम्बेदकर के बराबर कोई शिक्षित नहीं था।
किशन कपूर को टोपी पहनाकर सम्मानित किया
कपूर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश प्रगति के पथ पर है।
इसका पूरा श्रेय देश की जनता और विशेषकर कार्यकर्ताओं को जाता है जिन्होंने देश को एक कुशल और पारदर्शी प्रशासक दिया। उत्तर प्रदेश में आज भाजपा की सशक्त सरकार है। जम्मू एवं कश्मीर में देश विरोधी ताकतें डरी हुई हैं। इससे पूर्व भाजपा अनुसूचित जनजाति के प्रदेश सचिव कैप्टन नरेंद्र टंडन, भाजपा मंडल डल्हौजी के अध्यक्ष विजय ठाकुर, भाजपा अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष अजय चौहान तथा पुखरी पंचायत की प्रधान नर्मदा थापा ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री किशन कपूर को शाल व टोपी पहनाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर एस.डी.एम. डल्हौजी डा. मुरारी लाल, वन मंडल अधिकारी राकेश कटोच, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अतुल शर्मा, आई.पी.एच. विभाग बनीखेत के सहायक अभियंता राकेश ठाकुर, भाजपा जिला सचिव विजेंद्र शर्मा, भाजपा अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के जिला सचिव विजय वर्मा तथा रवि चौभियाल आदि मौजूद रहे।