कांग्रेस ने विकास पर भाजपा को दी चर्चा की खुली चुनौती

Thursday, Jul 06, 2017 - 12:35 AM (IST)

शिमला: हिमाचल कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार के 3 साल के कार्यकाल के साथ ही प्रदेश भाजपा की रथ यात्रा पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस के महासचिव एवं मीडिया विभाग के चेयरमैन नरेश चौहान ने कहा है कि मोदी सरकार के 3 साल के कार्यकाल में जनता बेहाल है। देश व प्रदेश में कुछ नहीं बदला। उन्होंने कहा है कि भाजपा केवल रथ यात्रा निकालकर केंद्र सरकार के झूठे वायदों और नाकामियों को छुपाने का प्रयास कर रही है। 

भाजपा शासित राज्यों के सी.एम. लाकर किया असफल प्रयास
उन्होंने कहा कि यात्रा में भाजपा शासित राज्यों के सी.एम. शिवराज चौहान, मनोहर लाल खट्टर और रमन सिंह को लाकर भाजपा कांग्रेस सरकार के खिलाफ माहौल बनाने का असफल प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा  कि भाजपा नेताओं को मालूम होना चाहिए कि प्रदेश की जनता उनकी करनी व कथनी से भलीभांति परिचित है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा में हिम्मत है तो वह झूठे आरोप लगाने की बजाय विकास के मुद्दे पर खुलकर चर्चा करे। उन्होंने कहा कि इसके लिए कांग्रेस पूरी तरह तैयार है। 

3 साल पहले किए वायदों का क्या हुआ
उन्होंने कहा कि जनता यह जानना चाहती है कि 3 साल पहले भाजपा ने केंद्र की सत्ता में आने के लिए जो वायदे किए थे, उनका क्या हुआ? उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार में महंगाई चरम पर है। युवा रोजगार की राह देख रहे हैं। जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमले बढ़े हैं। जी.एस.टी को अधूरी तैयारी से लागू करने के कारण व्यापारी सड़क पर हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को पहले देशवासियों को अपने किए वायदों के बारे में जवाब देना चाहिए, न कि जनता को गुमराह करने के लिए प्रदेश सरकार पर निराधार आरोप लगाने चाहिए।