कर्नाटक विवाद पर तपा हिमाचल, कांग्रेस ने मनाया लोकतंत्र बचाओ दिवस

Friday, May 18, 2018 - 07:07 PM (IST)

शिमला: कर्नाटक मामले को लेकर हिमाचल कांग्रेस ने शुक्रवार को प्रदेशभर में धरने-प्रदर्शन कर लोकतंत्र बचाओ दिवस मनाया। ए.आई.सी.सी. के आह्वान पर पार्टी ने जिला स्तर पर प्रदर्शन किए और सड़कों पर उतकर मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसी कड़ी में कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला के बाहर पार्टी अध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगुवाई में कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर लोकतंत्र बचाने की गुहार लगाई। इसके बाद पार्टी अध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्रिहोत्री, विधायक रामलाल ठाकुर, विनय कुमार, लखविंदर राणा, सतपाल रायजादा, पूर्व सी.पी.एस. रोहित ठाकुर व पार्टी महासचिव हरभजन सिंह भज्जी सहित अन्यों ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा।


बहुमत न होने पर भी सरकार बनाने के लिए बुला ली भाजपा
राज्यपाल के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजे ज्ञापन में लोकतंत्र व संविधान को बचाने की मांग की गई है। पार्टी अध्यक्ष ने अनौपचारिक बातचीत में कहा कि हाल ही में संपन्न कर्नाटक विधानसभा चुनाव में त्रिशंकु विधानसभा बनी है। चुनाव के तत्काल बाद भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस व जे.डी.एस. ने गठबंधन कर राज्यपाल कर्नाटक के समक्ष दोनों दलों के विधायकों की सूची सहित सरकार बनाने का दावा पेश किया। गठबंधन के पास बहुमत से ज्यादा का आंकड़ा था, बावजूद इसके राज्यपाल ने भाजपा को बहुमत न होने के बावजूद सरकार बनाने के लिए बुला लिया। यहां तक कि अगले दिन सुबह-सुबह मुख्यमंत्री को शपथ भी दिला दी गई। यह सरासर अन्याय और लोकतंत्र की हत्या है। पार्टी मुख्यालय के बाहर किए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


संवैधानिक व्यवस्थाओं की दे दी तिलांजलि
सुक्खू ने कहा कि कर्नाटक में राज्यपाल को गठबंधन को सरकार बनाने का मौका देना चाहिए था। चूंकि उनके पास बहुमत से अधिक का आंकड़ा था लेकिन राज्यपाल कर्नाटक ने भाजपा के हाथों में खेलते हुए न केवल संवैधानिक व्यवस्थाओं की तिलांजलि दे दी बल्कि राजनीतिक सिद्धांतों को अनदेखा किया। कर्नाटक के साथ-साथ पूरा देश इस घटना से शर्मसार है। उन्होंने कहा कि ऐसे में राष्ट्रपति से आग्रह किया गया है कि लोकतंत्र को बचाए रखने के लिए पूरे मामले में तत्काल हस्तक्षेप करें।


मोदी सरकार तानाशाही तरीके से कर रही राज
कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि भाजपा सरकार के केंद्र में आने के बाद से लोगों का विश्वास लोकतंत्र पर से उठने लगा है। देश पर मोदी सरकार तानाशाही तरीके से राज कर रही है। इसे देखते हुए राष्ट्रपति से अनुरोध किया गया है कि लोकतंत्र को बचाए रखने के लिए कर्नाटक जैसी घटनाओं पर तुरंत प्रभाव से रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि मोदी राज में संविधान को तार-तार किया जा रहा है। अपनी सुविधा के अनुसार संवैधानिक फैसले लिए जा रहे हंै, जो देश के लोकतंत्र के लिए सही नहीं है।

Vijay