खिसकती जमीन के चलते कांग्रेस कर रही दोषारोपण: रामकुमार (Video)

Wednesday, Nov 07, 2018 - 01:24 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): राज्य औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष एवं भाजपा प्रवक्ता प्रो. राम कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने 2 दिनों के प्रवास के दौरान कई सौ करोड़ रुपए के तोहफे हरोली और चिंतपूर्णी हल्के को प्रदान किए हैं। पार्टी महासचिव यशपाल राणा, संजय शर्मा के साथ पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए रामकुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री का दौरा जिला के लोगों के लिए तोहफों की सौगात लाया है। वहीं विपक्ष के कुछ लोग इससे पूरी तरह से विचलित हो गए हैं। सी.एम. द्वारा दिए गए प्रोजेक्टों की वजह से कांग्रेस की जमीन खिसकती हुई नजर आ रही है। इसी वजह से गलत दोषारोपण किया जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि प्रदेश का सबसे लंबा पुल स्वां नदी पर इसलिए बना क्योंकि इसकी परिकल्पना पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने की थी। धूमल ने ही स्वां चैनालाइजेशन का कार्य शुरू करवाया था और उसी के तहत पुल का प्रावधान किया गया था। 2007 से 2012 की धूमल सरकार के दौरान करीब 35 लाख रुपए इस पुल की डी.पी.आर. के लिए मुहैया करवाए गए थे। पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि जयराम सरकार ने रामपुर-हरोली पुल की लागत को कम करने की दिशा में अहम काम किया है। इसके लिए अधिकारी भी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि सी.एम. जयराम ठाकुर ने अब इस पुल से आगे की सड़क निर्माण के लिए भी करोड़ों रुपए की राशि उपलब्ध करवाने की घोषणा कर दी है। 

हरोली को सी.एम. ने 100 करोड़ से भी अधिक के प्रोजेक्ट देने का ऐलान किया है। आने वाले समय में हरोली हल्के का प्रत्येक रोड़ डबल लेन कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरोली में अब ठेकेदारों का नहीं बल्कि आम जनता का विकास होगा। सांसद अनुराग ठाकुर केंद्र सरकार से कई प्रोजेक्ट हरोली के लिए लेकर आए हैं। यहां की सड़कें और पुल भी उन्हीं योजनाओं के तहत निर्मित हुए हैं। केंद्र की सी.आर.एफ. के तहत करीब 7 करोड़ रुपए की एक और सड़क बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सी.एम. ने नशा निवारण केंद्र का ऐलान कर भटके हुए युवाओं को मुख्यधारा में लाने का बड़ा काम किया है। 
 

Ekta