लोकसभा चुनावों को प्रभावित करना कांग्रेस व पाकिस्तान का प्रोपेगंडा : अनुराग

Tuesday, Apr 02, 2019 - 06:21 PM (IST)

बिलासपुर: बिलासपुर में भाजयुमो द्वारा आयोजित युवा सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस व पाकिस्तान दोनों ही चाहते हैं कि नरेंद्र मोदी भारत के प्रधानमंत्री न रहें। कांग्रेस व पाकिस्तान दोनों ही आगामी लोकसभा चुनावों को प्रभावित करने की दृष्टि से प्रोपेगंडा कर रहे हैं जिसका स्पष्ट उदाहरण है कि फेसबुक प्रबंधन ने कांग्रेस व पाकिस्तान के 700 से भी अधिक फेसबुक पेज फेसबुक पर से हटा दिए हैं। उन्होंने कहा कि चुनावों को प्रभावित करने, तथ्यहीन बातें पोस्ट में डालने पर पहली बार किसी सोशल नैटवर्किंग साइट ने इतनी बड़ी कार्यवाही की और यह कार्यवाही देश की सबसे पुराने राजनीतिक पार्टी के खिलाफ  हुई है।

सत्ता के लालच में किसी भी हद तक गिर सकती है कांग्रेस पार्टी

उन्होंने कहा कि देश ही नहीं पूरी दुनिया भी जान चुकी है कि कांग्रेस पार्टी सत्ता के लालच में किसी भी हद तक गिर सकती है। उन्होंने कहा कि यह कोई पहला वाकया नहीं है। इससे पहले भी डाटा लीक और आक्रामक, फर्जी खबरों के लिए कुख्यात कंपनी कैम्ब्रिज एनालिटिका के माध्यम से कांग्रेस द्वारा लोगों में भ्रम फैला देश के कई चुनावों को प्रभावित करने की बात भी सामने आ चुकी है। कैम्ब्रिज एनालिटिका के अधिकारी क्रिस्टोफर वाइली ने कांग्रेस को अपना क्लाइंट बताया था। अभी इस चुनाव में कांग्रेस के ऐसे हथकंडे को फेसबुक ने नाकामयाब कर दिया है।

Vijay