राहुल के खिलाफ अभद्र टिप्पणी पर भड़के कांग्रेसी, प्रदेशभर में आंदोलन का ऐलान

Tuesday, Apr 16, 2019 - 09:57 AM (IST)

धर्मशाला : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती द्वारा शनिवार को रामशहर की चुनावी सभा में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर की गई अभद्र टिप्पणी के मामले ने सियासी तूल पकड़ लिया है। अपने नेता के खिलाफ अमर्यादित भाषा पर भड़की कांग्रेस ने सत्ती के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए प्रदेशभर में मंगलवार से भाजपा के खिलाफ आंदोलन छेडऩे का ऐलान किया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि पार्टी सत्ती के खिलाफ एफ.आई.आर, दर्ज करवाने के साथ ही चुनाव आयोग से भी यह मामला उठाएगी। प्रदेशभर में धरना-प्रदर्शन कर सत्ती के पुतले फूंके जाएंगे। धर्मशाला के निकट गांव पास्सू में सोमवार को आयोजित कांगड़ा-चम्बा लोकसभा क्षेत्र कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस के सभी आला नेताओं के निशाने पर सतपाल सत्ती रहे। कांग्रेस ने सम्मेलन में बाकायदा सत्ती के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास कर उन्हें इसका अंजाम भुगतने की चेतावनी दी।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने सोमवार को धर्मशाला में प्रैसवार्ता में कहा कि सत्ती ने जो किया है, उसके खिलाफ कांग्रेस द्वारा प्रदेश भर में जिला स्तर पर 16 अप्रैल से प्रदर्शन किया जाएगा। इसके उपरांत ब्लाक स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा और इसे आंदोलन का रूप दिया जाएगा। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष द्वारा कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष पर की गई टिप्पणी पर कांग्रेस ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती को प्रदेशाध्यक्ष पद से हटाने की मांग की है। वहीं, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने सम्मेलन में मंच से सत्ती को नसीहत देते हुए कहा कि बदजुबानी से कभी चुनाव नहीं जीते जाते हैं। अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस हर मंच से इस अभद्र टिप्पणी का विरोध करेगी। सत्ती विस चुनाव में हुई अपनी हार से हताश हैं व लोकसभा चुनावों के बाद प्रदेश भाजपा सरकार की उलटी गिनती शुरू होने वाली है।

वहीं, पूर्व मंत्री जी.एस. बाली और कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव आशा कुमारी ने भी सत्ती की अभद्र भाषा को अस्वीकार्य बताते हुए इसकी कड़ी ङ्क्षनदा की है। उधर, प्रदेश युवा कांग्रेस ने भी भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को चेताते हुए कहा कि यदि उन्होंने अभद्र टिपण्णी पर सार्वजनिक माफी नहीं मांगी तो युवा कांग्रेस उनका प्रदेशभर में घेराव करेगी। युकां के मुख्य प्रवक्ता विजय चौहान ने भाजपा राष्ट्रीय नेतृत्व से मांग की कि वह सत्ती के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे। प्रदेश कांग्रेस सेवादल ने भी भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पर तीखा निशाना साधा है। प्रदेशाध्यक्ष अनुराग शर्मा ने कहा है कि सत्ती विस चुनाव हारने के कारण मानसिक बीमार चल रहे हैं। भाजपा को अपने प्रदेशाध्यक्ष का किसी मानसिक चिकित्सालय में इलाज करवाना चाहिए। ऊना में पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राहुल गांधी के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग करने के लिए कांग्रेस पार्टी भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती का जगह-जगह घेराव करेगी।

ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी व यू.पी.ए. अध्यक्षा सोनिया गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी पर कांग्रेस पार्टी के महासचिव रजनीश किमटा ने सत्ती के खिलाफ सदर थाना शिमला में ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई है। कांग्रेस के महासचिव ने सतपाल सत्ती के खिलाफ शीघ्रातिशीघ्र एफ.आई.आर. दर्ज करने की मांग की है। किमटा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि यह टिप्पणी महिला के सम्मान के विरुद्ध है। कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सतपाल सत्ती के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए। उधर, एस.पी. ओमापति जम्वाल ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस पार्टी के महासचिव रजनीश किमटा की तरफ से पुलिस को ऑनलाइन शिकायत मिली है, जिसमें एफ.आई.आर. दर्ज करने की मांग की गई है। सदर थाना के तहत पुलिस को यह शिकायत मिली है। फिलहाल पुलिस इस मामले को देख रही है। अभी कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।
 

kirti