ज्वाली के विधायक के खिलाफ पुलिस थाना में शिकायत दर्ज, जानिए क्या है मामला

Wednesday, Aug 22, 2018 - 10:26 PM (IST)

ज्वाली: ज्वाली कांग्रेस ने पूर्व मुख्य संसदीय सचिव नीरज भारती व उसके परिवार को डराने-धमकाने व शहर में जनाजा निकालने की धमकी देने पर कड़ा रुख अख्तियार किया है। कांग्रेस मंडल कोषाध्यक्ष सुरिंद्र छिंदा के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस थाना में ज्वाली के विधायक अर्जुन सिंह के खिलाफ लिखित शिकायत की है। सुरिंद्र ङ्क्षछदा ने कहा कि ज्वाली के विधायक अर्जुन सिंह द्वारा पूर्व विधायक नीरज भारती व उनके परिवार को डराया-धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विधायक ने सरेआम नीरज भारती को ज्वाली में आने पर देख लेने की धमकी दी है। अर्जुन सिंह ने ज्वाली में गुंडाराज बना रखा है और पूर्व विधायक नीरज भारती सहित परिवार को इस किस्म की धमकी देना इसका प्रमाण भी है।

पुलिस को उपलब्ध करवाई वीडियो
उन्होंने कहा कि पुलिस को वीडियो भी उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने पुलिस थाना ज्वाली में दी गई लिखित शिकायत में विधायक के खिलाफ  सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। इस मौके पर युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनमोहन सिंह, ज्वाली महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता देवी, कांग्रेस नेता सौरभ चौधरी, ओ.बी.सी. मोर्चा अध्यक्ष विनय कुमार व अनु शर्मा इत्यादि मौजूद रहे। इस बारे में एस.पी. कांगड़ा संतोष पटियाल ने कहा कि पुलिस के पास ज्वाली कांग्रेस ने विधायक अर्जुन सिंह के खिलाफ  शिकायत दी है जिस पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

मेरे ऊपर लगाए आरोप निराधार : विधायक
इस बारे में विधायक अर्जुन सिंह ने कहा कि कांग्रेस द्वारा मेरे ऊपर लगाए गए आरोप निराधार हैं। उन्होंने कांग्रेसियों को सलाह दी है कि वे मेरे खिलाफ  शिकायत के बजाय नीरज भारती को समझाएं कि महिलाओं व भारत रत्न नेताओं का सम्मान करना सीखे अन्यथा यह जिम्मा भाजपा उठाएगी।

Vijay