वायरस वाले सेबों की शिकायत, राज्यपाल के दरबार में BJP

Wednesday, Feb 22, 2017 - 06:13 PM (IST)

शिमला (विकास शर्मा): हिमाचल भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व बागवानी मंत्री नरेंद्र बरागटा ने राज्यपाल को ज्ञापन दिया, जिसमें प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा बागवानों को दिए गए पौधों की गुणवत्ता का उल्लेख किया गया। बरागटा ने प्रदेश सरकार पर हिमाचल प्रदेश की बहुचर्चित रोहडू-खड़ा पत्थर सड़क के निर्माण पर नाकामयाब रहने और वायरस से ग्रसित सेब के पौधे बागवानों को देने का आरोप लगाया। बरागटा ने कहा ये दोनों वायदे बागवानों से कर सरकार सत्ता में आई थी लेकिन एक भी पूरा नहीं किया। सड़क का निर्माण अभी तक पूरा नहीं हुआ है। बागवानों और बागवानी को नजरअंदाज किया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस ने भाजपा के कार्यकाल में हुए कामों और अपने कार्यकाल में हुए कामों का उल्लेख करते हुए, भाजपा के आरोपों को सिरे से नकार दिया।

हमने 4 सालों में लगभग 80 प्रतिशत काम किया : रोहित 
पूर्व बागवानी मंत्री नरेंद्र बरागटा को वर्ष 2012 में रोहडू से हराने वाले पूर्व मुख्य मंत्री स्र्वगीय राम लाल ठाकुर के बेटे रोहित ठाकुर ने बरागटा के आरोपों को राजनीति से प्रेरित और तथ्यों से विपरीत बताया है। रोहित ने कहा कि इनके 5 साल के कार्यकाल में केवल 18 प्रतिशत काम हुआ था। हमने 4 सालों में लगभग 80 प्रतिशत काम पूरा कर दिया है और शेष भी जल्द हो जाएगा। ये सभी आरोप राजनीति से प्रेरित हैं और इनमे कोई तथ्य नहीं हैं।